





भटनेर पोस्ट डेस्क
देशभक्ति के रंग में रंगे माहौल, हाथों में लहराते तिरंगे और गूंजते राष्ट्रगान के बीच 15 अगस्त को हनुमानगढ़ जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षाेल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। टाउन स्थित एनएमपीजी महाविद्यालय ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में जब तिरंगा आसमान में शान से लहराया तो पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से भर उठा। मार्च पास्ट, बैंडवादन और देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में जोश भर दिया। वीरांगनाओं, लोकतंत्र सेनानियों और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान के दौरान माहौल भावुक भी हुआ। जिला स्तरीय समारोह में जिला प्रभारी एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। समारोह में मार्च पास्ट एवं बैंडवादन, सामूहिक व्यायाम, राज्यपाल के संदेश का पठन तथा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम के दौरान देश के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और लोकतंत्र की रक्षा में योगदान देने वाली विभूतियों को याद किया गया। जिला स्तरीय समारोह से पहले प्रशासनिक स्तर पर भी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम आयोजित किए गए।

जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने जिला कलेक्टर आवास, जिला कलेक्टर कार्यालय तथा जिला परिषद कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय पर्व की गरिमा को कायम रखा। ध्वजारोहण के बाद जिला कलेक्टर डॉ. यादव प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जिला स्तरीय मुख्य समारोह के लिए रवाना हुए। उनके साथ अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेदीलाल मीणा, एसडीएम, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कार्यालय स्टाफ मौजूद रहा।

स्वतंत्रता दिवस पर हनुमानगढ़ एसपी कार्यालय में भी राष्ट्रीय पर्व उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को नमन करते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को याद किया। ध्वजारोहण के बाद एसपी बी. आदित्य ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राष्ट्रीय पर्व की भावना के अनुरूप देश और समाज के प्रति अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाने का संदेश दिया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और कार्यालय स्टाफ मौजूद रहा।

जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का सबसे खास आकर्षण जिले की विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का सम्मान रहा। जिला प्रशासन की ओर से उल्लेखनीय योगदान के लिए 52 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी, प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं, शिक्षक, चिकित्सा एवं प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े कार्मिक तथा सामाजिक सरोकारों में सक्रिय लोग शामिल रहे। सम्मानित प्रतिभाओं में हैंडबाल खिलाड़ी निशा, छात्रा अल्पना, सपना, निकिता चौधरी, मन्सवी, रूपाली जांगिड़, पल्लवी, दिव्या ज्योति, नीतू, हर्षिका बंसल, गायक देव चुघ, राष्ट्रपति अवार्डी हिमांगी शेखावत, प्रिया सोनी, लक्ष्य अरोड़ा, सलोनी, एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र के भजनलाल, पर्यावरण प्रेमी राहुल, चित्रकार गणेश सोलंकी और प्रिया शर्मा शामिल रहे। इसके अलावा नरेश कुमार, योग शिक्षक कुलदीप खिलेरी, गुरमीत सिंह, दीपक जुलाहा, अध्यापिका सफिया प्रवीण, डॉ. विकास पारीक, सेवानिवृत्त नायक चंद्रपाल भोभिया, सूचना सहायक भोजराज यादव, वरिष्ठ कम्पाउंडर बलवीर सिंह खालिया, छात्रावास अधीक्षक प्रेम कुमार, सहायक कर्मचारी सरोज कंवर, सहायक रजिस्ट्रार इंद्रजीत बिश्नोई, प्रवर्तन निरीक्षक मनीष सिंगला, अध्यापक खुशदीप सिंह, रीटा भादू और प्राध्यापक मुराद खान को भी सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में सहायक प्रशासनिक अधिकारी इकबाल सिंह, वरिष्ठ फीटर दुलीचंद, सफाई कर्मचारी मुकेश कुमार, परिवहन निरीक्षक पवन कुमार चुघ, वरिष्ठ सहायक राजेश कुमार, डाटा एंट्री ऑपरेटर धर्मवीर बैरवा, आशा नानकोरी, लैब टेक्नीशियन कमल गोस्वामी, आशा अनिता शर्मा, सूचना सहायक प्रवेन्द्र सिंह, कनिष्ठ सहायक प्रेम कुमार, संतोख सिंह, वरिष्ठ सहायक विवेक शर्मा, ग्राम विकास अधिकारी प्रिया भाम्भू, सहायक प्रशासनिक अधिकारी परलेश यादव, सूचना सहायक विकास शर्मा, सहायक प्रशासनिक अधिकारी बलवीर सिंह, पीटीआई अजय कुमार, अस्पताल प्रशासक सुनील कुमार शर्मा, आयुष चिकित्सक जगदीश चंद्र, ऑफिस कानूनगो विरेंद्र पारीक, पशुधन निरीक्षक रमेश कुमार, अजनिता, नायब तहसीलदार हरबंश नैन और ब्लॉक साक्षरता कॉर्डिनेटर नरेंद्र कस्वां शामिल रहे। समारोह में सम्मानित प्रतिभाओं ने यह संदेश भी दिया कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का नाम नहीं, बल्कि देश, समाज और अपने कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी है। तिरंगे की छांव में आयोजित समारोह ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को याद करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया।







