



भटनेर पोस्ट डेस्क.
सफेद कोट पहनने वाले हाथ जब बल्ला थामते हैं, तो मैदान सिर्फ खेल का नहीं रहता, वह आपसी भरोसे, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का केंद्र बन जाता है। कुछ ऐसा ही नज़ारा हनुमानगढ़ में आयोजित मेडिकल प्रीमियर लीग (एममपीएल) सीजन‑4 के दौरान देखने को मिला। शहर के डॉक्टरों, फार्मा और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों के बीच खेले गए इस क्रिकेट महाकुंभ का भव्य और सफल समापन उत्साह, सम्मान और प्रेरणा के संदेश के साथ हुआ। टूर्नामेंट ने यह साफ कर दिया कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम भी है।

इस सीजन में हनुमानगढ़ और आसपास के चिकित्सा व स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी कुल 10 टीमों ने भाग लिया। आईएमए हनुमानगढ़ लायंस, आईएमए रावतसर राइडर्स, केमिस्ट कमांडोज, सीएमएचओ ईगल्स हनुमानगढ़, टीम एमजीएम नर्सिंग, रॉयल वेट बटालियन, फार्मा वॉरियर्स इलेवन, बत्रा वॉरियर्स, होम्योपैथी हॉक्स और फिजियोथेरेपी पैंथर्स, हर टीम ने पूरे टूर्नामेंट में खेल भावना और अनुशासन का शानदार उदाहरण पेश किया। दर्शकों को हर मैच में रोमांच, जज़्बा और ज़ोरदार प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

फाइनल मुकाबले में आईएमए हनुमानगढ़ लायंस ने दमदार प्रदर्शन करते हुए फार्मा वॉरियर्स इलेवन को 50 रन से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लायंस ने 10 ओवर में 4 विकेट पर 110 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए फार्मा वॉरियर्स की टीम 10 ओवर में 8 विकेट पर 60 रन ही बना सकी। यह फाइनल न केवल स्कोर का खेल था, बल्कि रणनीति, धैर्य और टीमवर्क की भी परीक्षा थी।

मैच के नायक रहे डॉ. धर्मवीर कसवां, जिन्होंने ऑलराउंड प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने 35 गेंदों में 91 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 11 छक्के शामिल थे, साथ ही गेंदबाजी में 3 विकेट भी झटके। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। इससे पहले सेमीफाइनल में फार्मा वॉरियर्स इलेवन ने टीम एमजीएम नर्सिंग को 7 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था, जहां दीपक शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। एमपीएल सीजन-4 का आयोजन डिजिटल एक्सपर्ट प्रमोद कुमार और फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. अमित अरोड़ा के नेतृत्व में किया गया।

इस अवसर पर एक नई और सराहनीय पहल ‘भटनेर रत्न अवार्ड’ की शुरुआत की गई। इसका उद्देश्य हनुमानगढ़ के उन प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित करना है, जिन्होंने खेल, शिक्षा या अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। इस पहल के तहत यज्ञा वर्मा (अंडर-19 लॉन टेनिस में राजस्थान का प्रतिनिधित्व), जानवी शेखावत (जैवलिन थ्रो राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक), मानवी वर्मा (जूडो में लगातार स्वर्ण पदक), गरिमा शर्मा (यूपीएससी में 460वीं रैंक) और वर्नित अरोड़ा (रोलर स्केटिंग) को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण को भी विशेष स्थान दिया गया। इस पहल का संचालन ऋतु सेठी अरोड़ा द्वारा किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही 15 से अधिक महिलाओं को सम्मानित किया गया। यह संदेश साफ था, खेल के मैदान से लेकर समाज के हर कोने तक, नारी शक्ति की मौजूदगी और योगदान को मान देना ज़रूरी है।
उद्घाटन समारोह में डॉ. राजीव सेतिया, डॉ. एस. एस. गेट और डॉ. मनोज शर्मा की उपस्थिति ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया, जबकि समापन अवसर पर डॉ. पारस जैन, डॉ. निशांत बत्रा और डॉ. नरेश सांकलेचा ने आयोजन की सराहना की। डॉ. पारस जैन ने कहा कि एमपीएल जैसे आयोजन समाज को जोड़ते हैं और युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान एक्सपर्ट्स स्पोर्ट्स ग्राउंड में उत्साह का माहौल बना रहा। कमेंट्री, अंपायरिंग और खेल संचालन टीम की सधी हुई भूमिका ने आयोजन को पेशेवर ऊंचाई दी। अंत में आयोजकों ने खिलाड़ियों, प्रायोजकों, सहयोगियों और दर्शकों का आभार जताते हुए यह संदेश दिया कि एमपीएल केवल एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि हनुमानगढ़ की खेल संस्कृति को मजबूत करने की साझा कोशिश है।



