



भटनेर पोस्ट डेस्क.
हनुमानगढ़ के भाजपा नेता डॉ. भारत भूषण शर्मा को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नियुक्त किया गया है। उनके साथ पूर्व जिला प्रमुख दमयंती बेनीवाल को भी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाया गया है। वहीं पूर्व विधायक धर्मेंद्र मोची, अभिषेक मटोरिया एवं पूर्व जिला अध्यक्ष काशीराम को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में नियुक्ति प्रदान की गई है। इस नियुक्ति से जिले के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। भाजपा जिला अध्यक्ष प्रमोद देलू के नेतृत्व में डॉ. भारत भूषण शर्मा का भाजपा जिला कार्यालय में भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।

डॉ. भारत भूषण शर्मा ने अपनी नियुक्ति के लिए जिला अध्यक्ष प्रमोद देलू एवं प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण भाव से निभाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। ज्ञात रहे कि डॉ. शर्मा लंबे समय से भाजपा के विभिन्न दायित्वों पर रहते हुए संगठन के लिए सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। उन्होंने सदैव निस्वार्थ भाव से पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है। उनके संगठनात्मक अनुभव, कार्यशैली और सक्रियता को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि डॉ. शर्मा की नियुक्ति से जिले में संगठन को नई मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। अंत में सभी पदाधिकारियों ने नव-नियुक्त सदस्यों को बधाई देते हुए संगठन के विस्तार और जनसेवा के कार्यों को गति देने का संकल्प लिया। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष ओम सोनी, महामंत्री प्रदीप ऐरी, मुरलीधर सोनी, प्रवक्ता कृष्ण तायल, आशीष पारीक, जुगलकिशोर आदि मौजूद थे।





