



भटनेर पोस्ट डेस्क.
हनुमानगढ़ जंक्शन में अग्रवाल समाज समिति का शपथ ग्रहण समारोह हुआ। गरिमामय वातावरण में नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने पद व गोपनीयता की शपथ लेकर समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया। समारोह में समाज के गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्धजनों और बड़ी संख्या में समाजबंधुओं की मौजूदगी ने यह संदेश दिया कि अग्रवाल समाज न केवल अपनी परंपराओं पर गर्व करता है, बल्कि भविष्य की दिशा तय करने के लिए भी पूरी तरह तैयार है।

मुख्य अतिथि विधायक गणेशराज बंसल रहे। विशिष्ट अतिथियों में एकता मंच के संरक्षक विजय कुमार बलाडिया, सेवानिवृत्त जिला कोषाधिकारी एस.एन. गुप्ता, व्यापार मंडल हनुमानगढ़ के पूर्व अध्यक्ष गोपाल जिंदल, समाज समिति के अतिरिक्त चुनाव अधिकारी एडवोकेट धर्मेंद्र बंसल, गौशाला समिति के अध्यक्ष इन्द्र हिसारिया एवं वरिष्ठ सदस्य देवेंद्र अग्रवाल शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नवनियुक्त अध्यक्ष इंजीनियर सुभाष बंसल ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा महाराजा अग्रसेन एवं मां लक्ष्मी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात समाज की एकता, सेवा और मूल्यों को समर्पित विचार प्रस्तुत किए गए। वक्ताओं ने कहा कि हनुमानगढ़ में अग्रवाल समाज का विधायक होना समाज के लिए गौरव की बात है। समाज का राजनीति में सजग और सक्रिय रहना समय की आवश्यकता है, क्योंकि जब समाज राजनीतिक रूप से मजबूत होता है, तभी उसके सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास का मार्ग प्रशस्त होता है।

मुख्य अतिथि विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि अग्रवाल समाज ने सदैव व्यापार, सेवा और सामाजिक सरोकारों में अग्रणी भूमिका निभाई है। समाज की संगठित शक्ति ही उसकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने नव-निर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज हित में पारदर्शिता, समन्वय और सेवा भावना के साथ कार्य किया जाए। उन्होने कहा कि समाज की एकजुटता व राजनीतिक सजगता से ही संभव है सर्वांगीण विकास संभव है। इस लिये समाज के लोगों को राजनीति में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

इस अवसर पर नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को विधिवत शपथ दिलाई गई। अध्यक्ष पद पर इंजीनियर सुभाष बंसल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर इंजीनियर आर.के. गर्ग, उपाध्यक्ष पद पर अनिल बंसल, सचिव पद पर तरसेम जिंदल धोलिपाल, उपसचिव पद पर महावीर बंसल, प्रचार मंत्री पद पर मुकेश मित्तल, कोषाध्यक्ष पद पर आशीष गोयल, विधि मंत्री पद पर दिनेश गुप्ता, संगठन मंत्री पद पर सुरेश मित्तल, मनोनीत सदस्य सुभाष मित्तल व स्वदेश गोयल को पद की गरिमा एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

नवनियुक्त अध्यक्ष इंजीनियर सुभाष बंसल ने समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज ने उन्हें दूसरी बार अध्यक्ष पद का दायित्व सौंपा है, यह उनके लिए गर्व और बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता समाज को संगठित करना, युवाओं को जोड़ना, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवा के कार्यों को गति देना रहेगी। सभी पदाधिकारियों के सहयोग से अग्रवाल समाज समिति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। समारोह के अंत में सभी अतिथियों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया गया। महिला उप समिति की निवर्तमान अध्यक्षा मिताली अग्रवाल व युवा उपसमिति अपनी पूरी कार्यकारिणी सहित उपस्थित थे।

कार्यक्रम मे अग्रवाल समाज समिति द्वारा हनुमानगढ के सभी पत्रकारो को समाज के लिए बेहतर सेवाएं देने के स्मृति चिन्ह व शाल ओढाकर सम्मान किया। मंच संचालन मुकेश मित्तल व रविन्द्र कुमार डालमिया ने किया । अग्रवाल समाज समिति संरक्षक मंडल के सदस्य अमरचंद सिंघल, मथुरा दास बंसल, रमेश बलाढिया, रमेश गर्ग, बाबू राम चमडिया, डॉ. कपूरी लाल, जगदीश अग्रवाल, गौर चंद अग्रवाल, अमृतलाल सिंगला, अशोक गर्ग का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस मौके पर समिति के पूर्व सचिव अमर नाथ सिंगला, डॉ पीसी बंसल, अशोक गर्ग पूर्व अध्यक्ष अग्रवाल समाज समिति, डॉ संतोष कुमार अग्रवाल, डॉक्टर अमन गर्ग, हरपाल गर्ग ,सतीश गोयल, अमृतलाल गोयल, तरसेम कुमार बिल्लू,डा. अशोक गर्ग, जा. ऐश्वर्या गर्ग, देवेंद्र बंसल, गोपाल जिंदल, प्यारेलाल बंसल, हेमंत गोयल, पारस गर्ग, विक्रम बंसल सहित शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद थे।





