


भटनेर पोस्ट डेस्क.
हनुमानगढ़ डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब ने पत्रकारों की तीन पीढ़ियों को एक सूत्र में पिरोने की अनूठी पहल की है। इसके तहत दिवंगत पत्रकारों की स्मृति में वरिष्ठ और युवा पत्रकारों को सम्मानित करने का निर्णय किया गया है। अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा की अध्यक्षता में प्रेस क्लब की हुई बैठक में इस आशय का निर्णय लिया गया। बैठक में 14 जनवरी को हुई बैठक में की गई चर्चा के प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।

प्रेस क्लब अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने बताया कि पत्र, पत्रकार और पत्रकारिता को बचाकर रखना लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है। इसलिए प्रेस क्लब राज्य सरकार को पत्र लिखकर समस्याओं के समाधान करने का आग्रह करेगा। इनमें पत्रकारों की सुरक्षा के लिए कानून बनाने, पत्रकार अधिस्वीकरण के नियमों में शिथिलता देने, अधिस्वीकृत पत्रकारों के लिए चल रही आरजेएचएस योजना में ओपीडी की सुविधा शुरू करने, वंचित्र पत्रकारों को भूखंड आबंटित करने, राज्य के सभी सर्किट हाउस एवं दिल्ली स्थित राजस्थान हाउस में रियायती दर पर पत्रकारों को ठहरने की सुविधा देने, पत्रकारों के बच्चों को उच्च शिक्षा में 50 प्रतिशत स्कॉलरशिप देने व लघु एवं मध्यम समाचारपत्रों को अधिकाधिक विज्ञापन देने आदि मागें शामिल हैं। इसको लेकर क्लब का प्रतिनिधिमंडल जिला कलक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेगा।

महासचिव राकेश सहारण ने बताया कि 8 फरवरी को डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण और दिवंगत पत्रकारों की स्मृति में वयोवृद्ध, वरिष्ठ, युवा व महिला पत्रकारों का सम्मान समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। क्लब के सदस्यों के अहम सुझावों को शामिल करते हुए कार्यक्रम के आयोजन की तैयारियों को पूर्ण करने के लिए छह सदस्यीय कमेटी गठित की गई। इनमें अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष कपिल शर्मा, महासचिव राकेश सहारण, कोषाध्यक्ष राजेंद्रसिंह प्रीत, संरक्षक गोपाल झा, संरक्षक मनोज गोयल और संरक्षक श्याम मिश्रा को शामिल किया गया है। समारोह को लेकर कमेटी उचित निर्णय लेगी।

बैठक में संरक्षक गोपाल झा, मनोज गोयल व श्याम मिश्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कपिल शर्मा, कोषाध्यक्ष राजेंद्र सिंह प्रीत, महासचिव राकेश सहारण, सचिव बलजीत सिंह, संयुक्त सचिव मनोज पुरोहित, प्रचार मंत्री राजेश अग्रवाल, अदरीस खान, अनुराग थरेजा, राजेश कुमार, दीपक शर्मा, हिमांशु मिड्ढा व मुकेश सोनी सहित कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।




