



भटनेर पोस्ट डेस्क.
महिला सशक्तिकरण को केवल नारे से आगे ले जाकर जमीन पर उतारने की दिशा में एक सार्थक और प्रेरणादायी पहल करते हुए शीराइज ग्रुप के तत्वावधान में हनुमानगढ़ में एक भव्य एवं ऐतिहासिक दो दिवसीय महिला सशक्तिकरण प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। ‘सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश’ की प्रभावशाली थीम पर आधारित यह प्रदर्शनी 24 एवं 25 दिसंबर 2025 को शहर के सबसे प्रतिष्ठित और आधुनिक व्यावसायिक केंद्र सिटी सेंटर मार्केट, हनुमानगढ़ में होगी। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उनकी छुपी हुई प्रतिभाओं को पहचान दिलाना तथा उनके द्वारा घर पर तैयार किए गए उपयोगी, रचनात्मक और स्वरोजगार आधारित उत्पादों को सीधे आमजन तक पहुँचाना है। यह प्रदर्शनी उन महिलाओं के लिए एक मजबूत मंच साबित होगी, जो सीमित संसाधनों के बावजूद घर से व्यवसाय कर रही हैं, लेकिन उचित पहचान और बाजार के अभाव में आगे नहीं बढ़ पा रही हैं।

आयोजक सपना जैन ने बताया कि शीराइज ग्रुप की यह पहल महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि आज भी समाज में बड़ी संख्या में महिलाएं हुनरमंद होने के बावजूद केवल इसलिए पीछे रह जाती हैं क्योंकि उन्हें अपनी कला और उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर नहीं मिल पाता। यह प्रदर्शनी ऐसी महिलाओं को आत्मविश्वास देगी और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में सहायक बनेगी।

शीराइज ग्रुप की सदस्य संतोष बोहरा एवं सपना जैन बताती हैं कि महिला सशक्तिकरण केवल विचारों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसे व्यवहार में उतारना समय की आवश्यकता है। यह प्रदर्शनी इसी सोच का प्रत्यक्ष उदाहरण है। इसके माध्यम से महिलाएं न केवल अपने उत्पादों को प्रदर्शित करेंगी, बल्कि अपने हुनर, परिश्रम और उद्यमिता का परिचय भी आत्मविश्वास के साथ देंगी।

उन्होंने बताया कि सिटी सेंटर मार्केट जैसे भव्य, सुव्यवस्थित एवं अत्याधुनिक परिसर का चयन जानबूझकर किया गया है, ताकि प्रदर्शनी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँच मिल सके। यह स्थान शहर का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते हैं। इससे महिला उद्यमियों को व्यापक बाजार, सीधा उपभोक्ता संपर्क और स्थायी पहचान मिलने की पूरी संभावना है।

इस दो दिवसीय प्रदर्शनी में हनुमानगढ़ के साथ-साथ मुंबई, जयपुर, अजमेर, पाली, श्रीगंगानगर, भटिंडा और आसपास के कई गांवों से आई महिलाएं भाग लेंगी। प्रदर्शनी में महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पाद, पारंपरिक एवं आधुनिक परिधान, आभूषण, गृह सज्जा सामग्री, खाद्य सामग्री तथा अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी। प्रत्येक स्टॉल महिला सृजनशीलता, आत्मनिर्भरता और परिश्रम की कहानी बयां करेगा। इस आयोजन को लेकर हनुमानगढ़ के विभिन्न महिला संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और महिला उद्यमियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। स्थानीय स्तर पर मिल रहा सहयोग इस बात का संकेत है कि समाज अब महिला सशक्तिकरण को लेकर अधिक जागरूक और सकारात्मक हो रहा है।
शीराइज ग्रुप द्वारा सिटी सेंटर मार्केट में आयोजित यह प्रदर्शनी न केवल एक व्यावसायिक आयोजन होगी, बल्कि यह महिलाओं के आत्मविश्वास, स्वावलंबन और आर्थिक स्वतंत्रता का उत्सव भी बनेगी। निश्चित रूप से यह पहल महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।


