





भटनेर पोस्ट ब्यूरो.
केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल हनुमानगढ़ प्रवास के दौरान हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित देवभूमि क्षेत्र में पहुंचे, जहां उन्होंने श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास द्वारा संचालित काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर जलाभिषेक किया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का विशेष वातावरण देखने को मिला। केंद्रीय मंत्री ने भगवान शिव के समक्ष देश-प्रदेश की सुख, समृद्धि और जनता के कल्याण की कामना की।

इस दौरान श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास के संस्थापक एवं अध्यक्ष अश्विनी नारंग व सचिव चिमन मित्तल ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया और उन्हें प्रन्यास द्वारा संचालित विभिन्न धार्मिक व सामाजिक सेवा प्रकल्पों की विस्तृत जानकारी दी।

अश्विनी नारंग ने मंत्री मेघवाल को देवभूमि परिसर में स्थित ‘कल्याण भूमि’ का अवलोकन करवाया और बताया कि इस क्षेत्र को आध्यात्मिक और जनसेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। प्रन्यास की ओर से संचालित सेवा कार्यों जैसे गौसेवा, अन्नक्षेत्र, चिकित्सा सहायता, वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए मंत्री मेघवाल ने कहा कि समाज में इस प्रकार के सेवा भाव से जुड़े प्रयास न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करते हैं बल्कि सामाजिक एकता और मानवीय संवेदनाओं को भी बल देते हैं। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति केवल नीतियों से नहीं, बल्कि ऐसे समर्पित संस्थानों की निस्वार्थ सेवा भावना से भी संभव है।

भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक पंडित धर्मेन्द्र तिवाड़ी के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने “हर हर महादेव” के जयकारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया। पूजा-अर्चना के पश्चात समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया।
इस दौरान मंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास केवल श्रद्धा का विषय नहीं, बल्कि सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण का प्रतीक भी है। उन्होंने स्थानीय समाजसेवियों और मंदिर समिति को बधाई देते हुए कहा कि हनुमानगढ़ की यह देवभूमि प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश में भी धार्मिक पर्यटन का केंद्र बन सकती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार की योजनाओं के माध्यम से ऐसे पवित्र स्थलों को और भी सशक्त बनाया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष अश्विनी नारंग ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया और कहा कि प्रन्यास समाज कल्याण और आध्यात्मिक के लिए निरंतर समर्पित रहेगा। इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष, पदाधिकारी, सेवक दल के सदस्य, संत-महंत, समाजसेवी, महिला मंडल और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। वातावरण में भक्ति, सेवा और सौहार्द का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे पूरा परिसर दिव्यता से भर उठा।

इस मौके पर भीष्म कौशिक, चिमन मित्तल, साहबराम करड़वाल, वीरेन्द्र गोयल, विजय भूतना, अनिल शर्मा, रत्तीराम शाक्य, गौरव जैन, देवेन्द्र अग्रवाल, सरपंच जगतार सिंह, रिकू अरोड़ा, देवेन्द्र पारीक, प्रकाश तंवर, प्रवीण परमार, भाजपा गंगानगर जिलाध्यक्ष स्वर्ण सिंह व अन्य सदस्य मौजूद थे।





