






भटनेर पोस्ट डॉट कॉम.
राम नाम के प्रचार और गौसेवा को समर्पित श्री राम प्रभात फेरी मंडल की ओर से श्री गौशाला सेवा समिति, अबोहर रोड स्थित गौशाला को ₹51,000 की राशि गोसेवा हेतु भेंट की गई। यह सेवा भावना से प्रेरित योगदान मंडल के सतत सामाजिक और धार्मिक कार्यों का हिस्सा है, जो कि वर्ष 2011 से निरंतर जारी है। प्रभात फेरी मंडल के सदस्य प्रतिदिन प्रातः 5 से 6 बजे (गर्मी में) और 6 से 7 बजे (सर्दी में) हाउसिंग बोर्ड, नई खुंजा, सेक्टर 12 की गलियों में प्रभु श्रीराम के नाम का हरि कीर्तन करते हैं। इस एक घंटे की प्रभात फेरी में राम नाम संकीर्तन के माध्यम से भक्ति, आध्यात्मिक ऊर्जा और सामाजिक चेतना का प्रचार किया जाता है। मंडल की प्रेरणा परम श्रद्धेय श्री स्वामी रामसुखदास जी महाराज के सत्संग से मिली है। सेवा के इस पावन क्रम में मंडल द्वारा समय-समय पर विभिन्न गौशालाओं को आर्थिक सहयोग भेंट स्वरूप दिया जाता है। इसी कड़ी में श्री गौशाला सेवा समिति को ₹51,000 की भेंट दी गई। इस अवसर पर समिति के शिवभगवान ढुढाणी, बीरबल जिन्दल, मनीष बत्तरा, रामकुमार गोदारा सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे और उन्होंने प्रभात फेरी मंडल के इस समर्पण और सेवा कार्य की सराहना की।
प्रभात फेरी मंडल की अब तक की कुल गौसेवा राशि ₹24,04,000 (चौबीस लाख चार हजार) हो चुकी है, जो विभिन्न गौशालाओं में बारी-बारी से भेंट की गई है। मंडल का उद्देश्य केवल राम नाम का प्रचार नहीं, बल्कि समाज में धार्मिक चेतना, सेवा भावना और संस्कारों का विस्तार भी है। मंडल के सदस्यों ने बताया कि वे भविष्य में भी इसी प्रकार गौसेवा और राम नाम प्रचार को जारी रखेंगे। स्थानीय नागरिकों व श्रद्धालुओं से भी अपील की गई कि वे इस पुण्य कार्य से जुड़ें और राम नाम के संकीर्तन में भाग लेकर जीवन को सकारात्मक बनाएं। इस आयोजन ने गौसेवा और भक्ति को एक साथ जोड़ते हुए समाज के लिए एक प्रेरणास्पद उदाहरण प्रस्तुत किया।





