‘आप’ की मीटिंग में निकाय चुनावों को लेकर बनी रणनीति

भटनेर पोस्ट डेस्क.
इसी साल नवंबर में प्रस्तावित नगर निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर आम आदमी पार्टी के हनुमानगढ़ जिले के कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक किसान भवन, हनुमानगढ़ जंक्शन में आयोजित की गई। पार्टी के नव-नियुक्त संभाग प्रभारी सुभाष मक्कासर का जोरदार स्वागत और सम्मान किया गया। बैठक में पार्टी की नीतियों, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सुरेंद्र बेनीवाल ने की। उन्होंने अपने संबोधन में पार्टी की आगामी गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सभी कार्यकर्ताओं से एकजुटता के साथ जनहित में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुननी चाहिए और उन्हें समाधान के लिए प्रेरित करना चाहिए। इस विशेष अवसर पर लोकसभा प्रभारी राजवीर माली, जिला सचिव वीरेंद्र मेघवाल, पूर्व विधानसभा क्षेत्र प्रत्याशी सचिन कौशिक, प्रदेश उपाध्यक्ष (एससी विंग) जयप्रकाश पलानी, मीडिया प्रभारी पोखर मेव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संभाग प्रभारी सुभाष मक्कासर ने कहा कि आम आदमी पार्टी का उद्देश्य आम जन की आवाज़ को सशक्त बनाना है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को अनुशासित, समर्पित और पारदर्शी कार्यशैली अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अगर सभी कार्यकर्ता टीम भावना के साथ कार्य करें तो आने वाले नगर निकाय चुनावों में पार्टी निश्चित रूप से एक मजबूत विकल्प बनकर उभरेगी।
बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने पार्टी की विचारधारा और नेतृत्व में पूर्ण आस्था व्यक्त करते हुए आगामी चुनावों के लिए एकजुट होकर मेहनत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने यह विश्वास जताया कि आम आदमी पार्टी आने वाले समय में जिले की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाएगी।

image description

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *