






भटनेर पोस्ट डॉट कॉम
हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर हाउसिंग बोर्ड स्थित वार्ड नंबर 4 के निवासियों और प्रकृति प्रेमियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से जल संकट से जूझ रहे सेक्टर 6 के प्रतिष्ठित सियाराम पार्क को आखिरकार नया जीवन मिल गया है। वार्डवासियों की मांग व पार्षद गुरदीप चहल के प्रयासों से पार्क में नए बोरवेल की स्थापना कर जलापूर्ति विधिवत शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही सेक्टर 8 के दो अन्य प्रमुख पार्कों में भी खराब पड़ी मोटरों की मरम्मत करवाकर हरियाली संरक्षण की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है।
सेक्टर 6 का सियाराम पार्क पूरे क्षेत्र में अपनी सुंदरता और हरियाली के लिए जाना जाता है। हालांकि, पिछले लगभग तीन महीनों से पानी के पर्याप्त साधन के अभाव में पार्क के पेड़-पौधे सूखने की कगार पर पहुंच गए थे। स्थानीय नागरिक लगातार इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे थे।
वार्ड पार्षद गुरदीप सिंह चहल ने इस जनसमस्या को प्राथमिकता पर लेते हुए नगर परिषद प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया। तकनीकी अड़चनों को दूर करते हुए पार्क में नए बोरवेल की खुदाई और स्थापना का कार्य पूरा कराया गया। जैसे ही नए बोरवेल से पानी की धार फूटी, उपस्थित नागरिकों और पर्यावरण प्रेमियों के चेहरों पर संतोष की चमक साफ दिखाई दी। अब पार्क के सैकड़ों हरे-भरे पेड़-पौधों को नियमित और भरपूर पानी मिल सकेगा।
पार्षद चहल की पहल केवल एक पार्क तक सीमित नहीं रही। सेक्टर 8 में स्थित दो अन्य पार्कों मेनका जी के आवास के सामने और मुलखराज जी के आवास के सामने वाले पार्क में पानी की मोटरें लंबे समय से तकनीकी खराबी के चलते बंद पड़ी थीं। इन दोनों मोटरों की मरम्मत करवाकर जलापूर्ति बहाल कर दी गई है। एक ही दिन में तीन प्रमुख पार्कों की जल समस्या हल होने से पूरे वार्ड में प्रसन्नता का माहौल है।
पार्षद गुरदीप सिंह चहल ने वार्ड के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अपने संबोधन को प्रमुखता से रखते हुए उन्होंने कहा, ‘वार्ड नंबर 4 को एक आदर्श, स्वच्छ और हरा-भरा वार्ड बनाना ही हमारा मुख्य ध्येय है। पार्क केवल चारदीवारी नहीं, बल्कि हमारी कॉलोनी के फेफड़े हैं; इनका संरक्षण हम सबका नैतिक दायित्व है। पिछले तीन महीने से सियाराम पार्क में पानी का जो संकट था, वह हमारे लिए सबसे बड़ी चिंता का विषय था। नगर परिषद प्रशासन और वार्ड के सजग नागरिकों के साझा सहयोग से आज यह कार्य धरातल पर उतरा है।’
पार्षद गुरदीप चहल ने कहाकि विकास कोई एक दिन की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि निरंतर चलने वाला प्रयास है। चाहे सड़कों का निर्माण हो, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था हो, जल निकासी हो या पार्कों का रखरखाव, वार्ड के प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध समाधान करना ही मेरी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। राजनीति से परे हटकर सिर्फ जनसेवा और विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित रहेगा। मैं विश्वास दिलाता हूं कि आने वाले दिनों में वार्ड 4 विकास के हर पैमाने पर अग्रणी नजर आएगा।
पार्षद चहल ने इस कार्य में सहयोग देने वाले नगर परिषद के अधिकारियों, तकनीकी टीम और धैर्य बनाए रखने वाले सभी क्षेत्रवासियों का हृदय से आभार प्रकट किया। नये बोरवेल के शुभारंभ और मोटर रिपेयर कार्य के लोकार्पण के अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने पार्षद की सक्रिय कार्यशैली और तत्परता की खुले दिल से सराहना की।
इस मौके पर सियाराम पार्क समिति के प्रधान करनैल सिंह, लक्ष्मीनारायण पारीक, राजेंद्र भुंवाल, विकास पुंज, दिलीप सारस्वत, विनोद मिड्डा, सुभाष सोनी, राकेश सहारण, प्रदीप गजरा, प्रकाश भाई तथा मोहन गोदारा सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे। स्थानीय निवासियों ने एक स्वर में कहा कि जनहित के ऐसे कार्यों से न केवल इलाके की सुंदरता बढ़ती है, बल्कि आमजन का प्रशासन और जनप्रतिनिधि पर विश्वास भी मजबूत होता है।





