





डॉ. अर्चना गोदारा
ज़िंदगी को इससे खूबसूरती से शायद ही किसी गीत ने समझाया हो। जिंदगी सचमुच कभी हँसाती है, कभी रुलाती है, कभी बिना किसी वजह के मन खुश हो जाता है और कभी सब कुछ ठीक होते हुए भी भीतर एक अजीब-सी उदासी उतर आती है। लेकिन आज के समय में जैसे उदास होने की भी इजाजत नहीं है। चेहरे पर मुस्कान होनी चाहिए, आवाज में उत्साह होना चाहिए और जिंदगी के बारे में पूछे जाने पर जवाब भी लगभग तय है-‘बहुत बढ़िया चल रही है।’ आज खुशी केवल महसूस करने की चीज नहीं रह गई है, उसे दिखाना भी पड़ता है। सोशल मीडिया ने इस दिखावे को और आसान बना दिया है। सुबह की मुस्कान वाली तस्वीर, दोपहर में कॉफी, शाम को जिम और रात को कोई खूबसूरत-सी पंक्ति-‘बी हैप्पी”, स्टे पॉजिटिव, लव योर लाइफ” ऐसी तस्वीर देखकर लगता है जैसे हमारे अलावा सबकी जिंदगी बहुत अच्छी चल रही है। लेकिन तस्वीर के फ्रेम से बाहर निकलते ही वही व्यक्ति परेशानियों, अकेलेपन, असुरक्षा और भविष्य की चिंता से घिरा हो सकता है।
हमने खुशी का भी एक सामाजिक चेहरा बना दिया है। जो व्यक्ति हर समय मुस्कुराता है, सफल दिखाई देता है और अपनी परेशानी किसी के सामने नहीं रखता, उसे हम मजबूत कहते हैं। जो अपनी थकान, दुख या असफलता के बारे में बात करे, उसे तुरंत समझाने लगते हैं, “इतना मत सोचो”, “पॉजिटिव रहो”, “सब ठीक हो जाएगा।” शायद हम सामने वाले का दुख सुनने के बजाय उसे जल्दी से ठीक कर देना चाहते हैं, क्योंकि किसी का दुख हमें अपनी असहजता का सामना कराता है। यहीं से शुरू होता है खुश रहने का दबाव।

मनोविज्ञान की भाषा में आज इस अनुभव को ‘हैप्पीनेस प्रेशर’ के रूप में समझा जा रहा है। 2026 में भारत में किए गए एक अध्ययन में भी यह सामने आया कि लगातार खुश रहने की सामाजिक अपेक्षा व्यक्ति के भावनात्मक जीवन को प्रभावित कर सकती है। खास तौर पर नई पीढ़ी में यह दबाव अधिक दिखाई देता है। शायद इसलिए कि आज की पीढ़ी को केवल सफल होना नहीं है, उसे अपनी सफलता को लगातार दिखाना भी है। पहले पड़ोसी के घर की खुशहाली देखकर तुलना होती थी, अब पूरी दुनिया हमारी स्क्रीन पर है। किसी की विदेश यात्रा, किसी की नई कार, किसी की शादी, किसी का प्रमोशन और किसी के बच्चे की सफलता। सब कुछ बस कुछ ही सेकंड में हमारे सामने आ जाता है। हम यह भूल जाते हैं कि सामने वाले ने अपनी जिंदगी का केवल खूबसूरत हिस्सा दिखाया है और हम अपनी पूरी जिंदगी की तुलना उससे कर रहे हैं।

इसका असर सामाजिक जीवन पर भी पड़ता है। शहरों में रहने वाला मध्यमवर्गीय युवा नौकरी, घर, ईएमआई और भविष्य की चिंता के बीच भी मुस्कुराते हुए दिखाई देता है। कॉलेज का विद्यार्थी अच्छे अंक न आने पर भीतर से टूट सकता है, लेकिन दोस्तों के सामने कहता है कि “कोई फर्क नहीं पड़ता।” नौकरी करने वाली महिला ऑफिस में पूरी ऊर्जा से काम करती है, घर लौटकर परिवार संभालती है और फिर भी उससे उम्मीद की जाती है कि उसके चेहरे पर थकान नहीं, मुस्कान दिखाई दे। निम्न आय वर्ग का व्यक्ति शायद खुशी को किसी महंगे रेस्तरां या विदेश यात्रा में नहीं, बल्कि महीने के अंत में घर का राशन पूरा होने में खोजता है। इसलिए खुशी का अर्थ भी व्यक्ति की सामाजिक और आर्थिक स्थिति के साथ बदलता रहता है। हम अक्सर भूल जाते हैं कि हर मुस्कुराता हुआ चेहरा खुश नहीं होता और हर उदास चेहरा दुखी नहीं होता। मनुष्य कोई मशीन नहीं है जिसके भीतर केवल सकारात्मक भावनाएँ भरी जा सकें। गुस्सा, निराशा, ईर्ष्या, डर, अकेलापन और असफलता भी जीवन का हिस्सा हैं।

हमारी साहित्यिक परंपरा तो सदियों से इस बात को समझती आई है। कबीर ने कहा था,“दुःख में सुमिरन सब करे, सुख में करे न कोय।” यानी दुख भी मनुष्य को भीतर देखने का अवसर देता है। महादेवी वर्मा के साहित्य में वेदना कमजोरी नहीं, संवेदना की गहराई बनकर सामने आती है। हरिवंश राय बच्चन लिखते हैं, ‘जो बीत गई सो बात गई।’ यह पंक्ति हमें जीवन की अपूर्णताओं को स्वीकार करना सिखाती है, उनसे भागना नहीं। फिल्मी गीत भी हमारी इसी मानवीय सच्चाई को आवाज देते रहे हैं। “कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना”।यह पंक्ति केवल गीत नहीं, सामाजिक दबाव से निकलने का रास्ता भी है। आखिर हम कब तक दूसरों की नजरों के हिसाब से अपनी जिंदगी जिएँगे? आज ‘पॉजिटिविटी’ भी एक तरह की सामाजिक अपेक्षा बन गई है। दुखी हैं तो सकारात्मक सोचिए, असफल हैं तो प्रेरणा लीजिए, अकेले हैं तो खुद से प्यार कीजिए। ये बातें अपने आप में गलत नहीं हैं, लेकिन समस्या तब पैदा होती है जब हर दुख के सामने केवल सकारात्मकता का लेप लगा दिया जाए। कभी-कभी इंसान को सलाह नहीं, सिर्फ किसी ऐसे व्यक्ति की जरूरत होती है जो चुपचाप उसके पास बैठकर कह सके,“हाँ, मैं समझ रहा हूँ कि तुम परेशान हो।”

शायद हमारी सबसे बड़ी कमी यही है कि हम दूसरों की खुशी देखना चाहते हैं, लेकिन उनका दुख सुनने के लिए हमारे पास समय नहीं है। इस दबाव का असर बच्चों और युवाओं पर भी साफ दिखाई देता है। कम अंक आए तो बच्चा केवल असफल नहीं होता, वह अपने दोस्तों से पीछे छूटने लगता है। नौकरी नहीं मिली तो युवा केवल बेरोजगार नहीं रहता, उसे लगता है कि बाकी सभी उससे आगे निकल गए हैं। विवाह में परेशानी हो तो दंपती उसे छिपाने की कोशिश करते हैं, क्योंकि सोशल मीडिया पर उनका रिश्ता ‘परफेक्ट’ दिखाई देना चाहिए। धीरे-धीरे जिंदगी जीने से ज्यादा उसे सही दिखाई देने की चिंता होने लगती है। विडंबना देखिए हम खुशी पाने के लिए इतनी मेहनत कर रहे हैं कि कई बार खुश होने की सहजता ही खो देते हैं। हर दिन अच्छा होना चाहिए, हर रिश्ता अच्छा होना चाहिए, हर तस्वीर अच्छी होनी चाहिए और हर उपलब्धि बड़ी होनी चाहिए। साधारण दिन हमें साधारण लगने लगते हैं और सामान्य जीवन असफल जीवन जैसा।
लेकिन जिंदगी का सच इससे कहीं अलग है। जिंदगी में कुछ दिन बहुत अच्छे होंगे, कुछ दिन बहुत खराब। कभी मन करेगा कि दुनिया से बातें करें और कभी किसी से मिलने का मन नहीं करेगा। कभी सफलता मिलेगी और कभी असफलता। यही तो जिंदगी है। हमें शायद बच्चों को यह सिखाने की जरूरत है कि रोना भी ठीक है। युवाओं को यह बताने की जरूरत है कि हर किसी की जिंदगी एक जैसी नहीं होती। महिलाओं को यह अधिकार देने की जरूरत है कि वे थक सकती हैं। पुरुषों को भी यह कहने की जरूरत है कि वे हमेशा मजबूत बने रहने के लिए बाध्य नहीं हैं। खुशी वह नहीं है जिसमें दुख के लिए कोई जगह न हो। खुशी शायद वह है जिसमें हमें दुखी होने की भी आजादी हो। क्योंकि जिंदगी का सबसे सुंदर चेहरा हमेशा मुस्कुराता हुआ चेहरा नहीं होता। कभी-कभी वह चेहरा भी बहुत खूबसूरत होता है, जो आँसू पोंछकर बस इतना कहता है ‘आज अच्छा नहीं लग रहा, और आज अच्छा न लगना भी ठीक है।’



