




भटनेर पोस्ट ब्यूरो.
भारत-पाक सीमा से सटे श्रीगंगानगर जिले के चूनावढ़ गांव में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय चेतना का प्रेरक दृश्य देखने को मिला। ग्राम पंचायत परिसर में राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच (श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ चैप्टर) की ओर से ‘अखंड भारत, विशाल भारत’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में देश की सुरक्षा, सीमांत क्षेत्रों की भूमिका और नागरिकों के कर्तव्य पर सार्थक संवाद हुआ। ‘वंदे मातरम’ की स्वर लहरियों से शुरू हुए इस आयोजन में वक्ताओं ने इतिहास की स्मृतियों और वर्तमान की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए लोगों को राष्ट्र के प्रति सजग और समर्पित रहने का संदेश दिया। सीमांत क्षेत्र के ग्रामीणों और युवाओं की बड़ी भागीदारी ने कार्यक्रम को एक सशक्त जनजागरण का रूप दे दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच के राष्ट्रीय सचिव सेवानिवृत्त महानिरीक्षक गिरीश चावला ने की। मंच के जिलाध्यक्ष रविंद्र मोदी, पदाधिकारी विपुल अरोड़ा तथा राजेंद्र मुंजाल का अभिनंदन किया गया। ग्राम पंचायत चूनावढ़ के सरपंच राजेश चुघ ने कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों का स्वागत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय पर आम लोगों को जागरूक करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने मंच को इस पावन धरती पर इस प्रकार का कार्यक्रम आयोजित करने के लिए धन्यवाद दिया।

जिलाध्यक्ष रविंद्र मोदी ने मंच के उद्देश्यों और गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंच समाज के विभिन्न वर्गों में राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने निकट भविष्य में चूनावढ़ में आयोजित होने वाली ‘नो मोर पाकिस्तान: नार्काे आतंकवाद’ विषयक संगोष्ठी में भाग लेने के लिए लोगों को आमंत्रित किया और अधिक से अधिक नागरिकों से मंच से जुड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गिरीश चावला ने सीमांत क्षेत्र के नागरिकों और युवाओं से देश की सुरक्षा में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने वर्ष 1971 के भारत-पाक युद्ध में भारतीय सेना के शौर्य और सीमावर्ती गांवों के लोगों की बहादुरी को याद करते हुए कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में सीमांत क्षेत्रों के लोगों का योगदान भी अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने पाकिस्तान के नापाक इरादों का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों को सजग रहना होगा।

पूर्व आईजी गिरीश चावला ने पिछले दस वर्षों में भारत द्वारा सामरिक क्षेत्र में की गई प्रगति, सड़क और रेल ढांचे में हुए सुधार, तकनीकी उन्नति तथा विश्व में भारत की आर्थिक स्थिति पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि देश ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं और स्वदेशी हथियारों के विकास से भारत की रक्षा शक्ति और अधिक मजबूत हुई है। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा केवल सेना की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सीमांत क्षेत्रों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखना और स्थानीय पुलिस तथा सुरक्षा बलों के साथ तालमेल बनाए रखना आवश्यक है।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत परिसर में अरोड़वंश वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष राजपाल पपनेजा और उनके साथियों की ओर से ‘अखंड भारत’ को समर्पित रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसकी सभी उपस्थित लोगों ने सराहना की।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच के जिलाध्यक्ष रविंद्र मोदी, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर अध्याय के पदाधिकारी राजेंद्र मुंजाल, सचिव अधिवक्ता विपुल अरोड़ा, भारत भूषण ठक्कर, कृष्ण सेतिया, सतपाल मुटनेजा, सुशील शर्मा, सरपंच प्रतिनिधि राजेश चुघ, सुखविंदर सिंह, बिट्टू कल्सी, काली खुराना, रामदेव, भूपेंद्र, सतीश, महेश, दीपक, अधिवक्ता ओम रावल, गोपाल राठौड़, सेवानिवृत्त सचिव लाजपत खुराना सहित श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों के अनेक गणमान्य नागरिक तथा चूनावढ़ ग्राम पंचायत के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने सीमांत क्षेत्र के लोगों में राष्ट्रभक्ति, सजगता और सामाजिक एकता की भावना को और अधिक मजबूत करने का संदेश दिया।




