भटनेर पोस्ट डॉट कॉम.
अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कत्थक नर्तक पं. राजेन्द्र गंगानी व उनकी शिष्या अंजना सिंह ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने कार्यक्रम का आगाज सूरदास के लोकप्रिय भजन ‘नाचत सुगंध….’ से किया। गंगानी बोले-‘नृत्य कला में पारंगत होने के कारण योगेश्वर श्रीकृष्ण को नटवर कहा गया और देवाधिदेव महादेव को नटराज।’ इसके बाद गंगानी की शिष्या अंजना सिंह ने रुद्राष्टकम ‘नमामि शमीशान निर्वाण रूपं…’ पर भावपूर्ण प्रस्तुति दीं। उन्होंने इसमें शिव आराधना को भाव भंगिमाओं के साथ खूबसूरत तरीके से परिलक्षित किया। गंगानी ने बच्चों को कत्थक नृत्य के बारे में भी बताया और शास्त्रीय नृत्य और संगीत की बारीकियां भी समझाईं। उन्होंने कहाकि हमारे देश में ताल और शब्द आधारित नृत्य हैं। उन्होंने दोनों तरह की प्रस्तुतियां देकर समझाने का प्र्रयास किया। इसके बाद ‘गणेश वंदना’ और फिर आखिर में ‘बंशी चोरी प्रसंग’ को शाश्वत तरीके से दर्शाया गया। तबले पर किशोर गंगानी, सितार पर पंडित रविशंकर शर्मा थे। आवाज दी नवीन प्रसाद ने।
मुख्य अतिथि जेल अधीक्षक नरेन्द्र स्वामी, सामाजिक कार्यकर्ता मोहित बलाडिया, सुरेश महिपाल, कमलजीत सैनी, अशोक सुथार, गोपाल झा, स्पिक मैके कॉडिनेटर मनीष जांगिड़, भारतेन्दू सैनी, रामनिवास मांडण, ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। आयोजन समिति सदस्य प्रिंसीपल रेखा तनेजा, नवज्योति विशेष शिक्षा महाविद्यालय प्रिंसीपल पायल गुम्बर, सैन फोर्ट स्कूल प्रिंसीपल ईना वर्मा ने कलाकारों और अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए। स्पिक मैके के मनीष जांगिड़ ने बच्चों को भारतीय संस्कृति से जुड़ने का आग्रह किया और अभिभावकों से अपील करते हुए कहाकि वे बच्चों पर अपनी सोच न थोपें बल्कि उन्हें अपनी पसंद के मुताबिक काम करने दें।