






भटनेर पोस्ट खेल डेस्क.
महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय बीकानेर की ओर से आयोजित इंटर कॉलेज पुरुष एवं महिला शूटिंग प्रतियोगिता में बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज हनुमानगढ़ के छात्र मोहित लिम्बा ने स्वर्ण पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। कॉलेज में छात्र का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कॉलेज प्रबंध समिति के डायरेक्टर तरुण विजय, चेयरमैन आशीष विजय, वाइस चेयरमैन रौनक विजय, प्रशासक परमानंद सैनी, प्राचार्य डॉ. विशाल पारीक, उप प्राचार्य मनोज शर्मा, बी.एड. कॉलेज प्राचार्य संतोष चौधरी सहित संकाय सदस्य मौजूद रहे। सभी ने मोहित को माला पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर उसका उत्साह बढ़ाया।

डायरेक्टर तरुण विजय ने कहा कि यह क्षण संस्थान के लिए गर्व का है। विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतना न सिर्फ छात्र की मेहनत और लगन का परिणाम है, बल्कि यह संस्थान की खेलों के प्रति सकारात्मक सोच और प्रोत्साहन की झलक भी दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज हमेशा से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देता रहा है और भविष्य में भी ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

चेयरमैन आशीष विजय ने कहा कि मोहित लिम्बा ने अपने लक्ष्य को साधने के लिए जो मेहनत की है, वह जिले के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों में प्रतिभा दिखाकर छात्र-छात्राएं जीवन में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकते हैं। संस्था सदैव विद्यार्थियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराकर उनके सपनों को साकार करने में सहयोग करती रहेगी।
प्रशासक परमानंद सैनी ने भी मोहित की उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थी ही आने वाले समय में जिले की पहचान को नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि खेलों में मिल रही सफलता से यह स्पष्ट है कि हनुमानगढ़ की नई पीढ़ी अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी क्षमता का परिचय देने में पीछे नहीं रहेगी।

कॉलेज प्राचार्य डॉ. विशाल पारीक ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन श्रीगंगानगर के खालसा कॉलेज में किया गया। इसमें संभाग के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच मोहित लिम्बा ने अपने सटीक निशाने और आत्मविश्वास के दम पर स्वर्ण पदक जीतकर यह साबित कर दिया कि मेहनत और दृढ़ निश्चय के बल पर हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

बी.एड. कॉलेज प्राचार्य संतोष चौधरी ने कहा कि मोहित की सफलता ने जहां संस्थान का गौरव बढ़ाया है, वहीं जिले के युवाओं के लिए यह प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि अगर विद्यार्थी पढ़ाई के साथ खेलों में भी रुचि लें तो उनका व्यक्तित्व और भी निखर कर सामने आता है।

इस मौके पर उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भी मोहित को बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कॉलेज परिवार ने यह विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में मोहित जैसी प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम रोशन करेंगी।
लगातार मिल रही खेल उपलब्धियों से हनुमानगढ़ जिले की खेल प्रतिभाओं का मनोबल बढ़ा है। जिले के युवा अब विभिन्न प्रतियोगिताओं में न सिर्फ भाग ले रहे हैं बल्कि पदक जीतकर यह साबित कर रहे हैं कि अवसर और मार्गदर्शन मिले तो वे किसी भी स्तर पर सफलता अर्जित कर सकते हैं।




