



भटनेर पोस्ट ब्यूरो.
भटनेर पोस्ट मीडिया ग्रुप के तत्वावधान में वार्षिक कैलेंडर विमोचन समारोह का आयोजन किया गया। हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर सिविल लाइंस स्थित कार्यालय में हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक गणेशराज बंसल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसकेडी विश्वविद्यालय के चेयरमैन बाबूलाल जुनेजा ने की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में बेबी हैप्पी एजुकेशन ग्रुप के डायरेक्टर तरुण विजय, उद्योगपति शिवशंकर खड़गावत, सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी राजपाल लंबोरिया, भटनेर किंग्स क्लब के संरक्षक आशीष विजय, अध्यक्ष कुलभूषण जिंदल, कॉन्सेप्ट क्लासेज के मैनेजिंग हेड सतनाम सिंह खोसा, लायंस क्लब भटनेर के अध्यक्ष दिनेश गुप्ता, आम आदमी पार्टी के नेता सचिन कौशिक, सचखंड स्कूल प्रबंधन समिति के चेयरमैन मलकीत सिंह मान, प्रॉपर्टी व्यवसायी इंद्र सिंधी तथा रिलायबल डायग्नोस्टिक सेंटर के डायरेक्टर आशीष गुप्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में चीफ एडिटर गोपाल झा ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि सह-संपादक कपिल सहारण और रतनदीप झा ने आभार व्यक्त किया।

मुख्य अतिथि विधायक गणेशराज बंसल ने भटनेर पोस्ट मीडिया ग्रुप के निरंतर विस्तार पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता ही इस ग्रुप की पहचान है, चाहे वह मैगजीन हो, अखबार हो या डिजिटल प्लेटफॉर्म। भटनेर पोस्ट और ग्राम सेतु ने अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने सुझाव दिया कि भटनेर पोस्ट को ज्वलंत मुद्दों पर प्रशासन और आम जनता के बीच सेतु की भूमिका निभानी चाहिए तथा खास मुद्दों पर जनजागरण का कार्य करना चाहिए।
विधायक बंसल ने कहा कि संपादक गोपाल झा की लेखन शैली ‘तीखी’ है और यही उनकी विशिष्टता भी है। उस तीखेपन में पारदर्शिता और सच्चाई है, इसलिए पाठकों का उन पर भरोसा बना हुआ है।
एसकेडी विश्वविद्यालय के संस्थापक बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि भटनेर पोस्ट मीडिया ग्रुप तेजी से विस्तार की दिशा में बढ़ रहा है। मैगजीन और अखबार के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी इसकी मजबूत पकड़ है। ऐसे में शिक्षा, रोजगार और नवाचार से जुड़ी खबरों पर विशेष फोकस किया जाना चाहिए, ताकि युवाओं को सीधा लाभ मिल सके।

बेबी हैप्पी एजुकेशन ग्रुप के डायरेक्टर तरुण विजय ने कहा कि एथनॉल प्लांट मामले में भटनेर पोस्ट मीडिया ग्रुप ने हर पहलू को ध्यान में रखते हुए तथ्यपरक पत्रकारिता की। इससे किसानों को मजबूती मिली और प्रशासन व सरकार को वास्तविक स्थिति की जानकारी मिलती रही। उन्होंने इस दृष्टिकोण को आगे भी जारी रखने की आवश्यकता बताई।

उद्योगपति शिवशंकर खड़गावत ने कहा कि जिले में औद्योगिक विस्तार के लिए भटनेर पोस्ट को सारगर्भित आलेखों के माध्यम से सार्थक पहल करनी चाहिए। औद्योगिक विकास के बिना बेरोजगारी जैसी समस्याओं से निपटना कठिन होगा और जिले की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती नहीं मिल पाएगी।

सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी राजपाल लंबोरिया ने भटनेर पोस्ट और ग्राम सेतु को निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता का प्रतीक बताया। उन्होंने सरकारी योजनाओं से जुड़ी सफल कहानियों को भी मैगजीन में स्थान देने का सुझाव दिया।
लायंस क्लब भटनेर के अध्यक्ष दिनेश गुप्ता ने सामाजिक मुद्दों, विशेषकर युवाओं से जुड़े विषयों को अधिक स्थान देने की आवश्यकता जताई। उन्होंने मोबाइल के दुष्प्रभावों पर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया।

भटनेर किंग्स क्लब के संरक्षक आशीष विजय ने कहा कि भटनेर पोस्ट ग्रुप द्वारा क्षेत्रीय समस्याओं पर प्रबुद्धजनों के साथ किए जाने वाले टॉक शो को निरंतर जारी रखा जाना चाहिए। यह मंच पाठकों को अपनी बात रखने का अवसर देता है।
भटनेर किंग्स क्लब के अध्यक्ष कुलभूषण जिंदल ने कहा कि युवा वर्ग तनाव के दौर से गुजर रहा है और उसे संबल देने में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने भटनेर पोस्ट ग्रुप की सारगर्भित शैली की सराहना की।
कॉन्सेप्ट क्लासेज के मैनेजिंग हेड सतनाम सिंह खोसा ने कहा कि शिक्षा और करियर गाइडेंस से जुड़ी सामग्री युवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी होती है। उन्होंने भटनेर पोस्ट के प्रिंट और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर इस तरह की सामग्री बढ़ाने का सुझाव दिया।
सचखंड कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्रबंधन समिति के चेयरमैन मलकीत सिंह मान ने भटनेर पोस्ट की पत्रकारिता को संतुलित और सधी हुई बताया। उन्होंने सामाजिक और क्षेत्रीय समस्याओं के साथ-साथ उनके समाधान को रेखांकित करने वाली रिपोर्टों के प्रकाशन पर जोर दिया।
आम आदमी पार्टी के नेता सचिन कौशिक ने कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य जनता को जागरूक करना है, और भटनेर पोस्ट ग्रुप इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। पाठकों के भरोसे के कारण इसकी जिम्मेदारी भी अधिक है। उन्होंने शिक्षा, रोजगार, चिकित्सा और सामाजिक मुद्दों पर अधिक फोकस करने का आग्रह किया।

व्यवसायी इंद्र सिंधी ने सामाजिक बुराइयों के खिलाफ अभियानों को प्रमुखता से प्रकाशित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि भटनेर पोस्ट मैगजीन राष्ट्रीय स्तर की खबरों को स्थान देती है, भटनेर पोस्ट अखबार जिले की प्रमुख खबरों को उठाता है, जबकि ग्राम सेतु ग्रामीण क्षेत्रों की आवाज बनकर सामने आता है।
रिलायबल डायग्नोस्टिक सेंटर के डायरेक्टर आशीष गुप्ता ने कहाकि यूथ को लेकर अधिकाधिक खबरों का प्रकाशन उपयोगी हो सकता है। इसके अलावा स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता जरूरी है। इसको लेकर भटनेर पोस्ट ग्रुप को गंभीरता दिखानी चाहिए।




