





भटनेर पोस्ट सिटी डेस्क.
हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय परशुराम चौक भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर मंगलवार को भक्तिभाव और सांस्कृतिक गौरव का सजीव उदाहरण बन गया। जैसे ही सुबह सूरज की किरणें शहर पर पड़ीं, परशुराम चौक पर भक्ति और उल्लास की छटा बिखरने लगी। सर्व ब्राह्मण महासभा हनुमानगढ़ के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य आयोजन की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण और विधिवत पूजा-अर्चना से हुई, जिसे पं. मनोज शास्त्री ने अपनी पूरी वेदपाठी टीम के साथ सम्पन्न कराया।
सर्व ब्राह्मण महासभा के जिला अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शर्मा ने बताया कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में एकजुटता, सांस्कृतिक संरक्षण और युवाओं में चेतना जगाने का माध्यम है। भगवान परशुराम के आदर्शों को आत्मसात करने की प्रेरणा देने वाला यह उत्सव आज समरसता, श्रद्धा और सामाजिक चेतना का प्रतीक बन चुका है।
परशुराम चौक को जैसे किसी देव आयोजन के लिए स्वर्गिक रूप दे दिया गया था। रंग-बिरंगी पताकाएं, पुष्पों की सजावट, भगवा ध्वज और जय-जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। काफी संख्या में विप्रजन पारंपरिक परिधान में सजे-धजे श्रद्धा के साथ पूजा में सम्मिलित हुए। श्रद्धालुओं में ऐसा उत्साह था, मानो भगवान परशुराम स्वयं साक्षात् दर्शन देने वाले हों। गौड़ ब्राह्मण धर्मशाला में संगीतमय सुंदरकांड पाठ जारी है जो आयोजन में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार कर रहा है। विशेष बात यह कि इस अवसर पर भगवान परशुराम के प्रतीक फरसे की पूजा कर उसे रात्रि 9 बजे परशुराम चौक पर स्थापित किया जाएगा। यह पावन फरसा जंक्शन निवासी स्व. मूलचंद शर्मा की स्मृति में उनके पोते गोपाल शर्मा और पंकज शर्मा (दुर्गा कॉलोनी) द्वारा स्थापित कराया गया।

समाज के पुरोधाओं का सम्मान और स्वरुचि भोज
आयोजन की श्रृंखला में समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान भी किया जाएगा जिन्होंने समाजसेवा और मार्गदर्शन में विशेष योगदान दिया है। यह सम्मान न केवल कृतज्ञता का प्रतीक बनेगा बल्कि युवाओं को अपने पूर्वजों से प्रेरणा लेने की सीख भी देगा। आयोजन के उपरांत आयोजित स्वरुचि भोज की भी व्यवस्था है।
इस भव्य आयोजन में नगर के कई गणमान्य जन उपस्थित रहे, जिनमें विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के युवा नेता आशीष पारीक, गौड़ ब्राह्मण समाज के युवा जिला अध्यक्ष नीपेन शर्मा, पं. दीपक शर्मा, खंडेलवाल समाज के अध्यक्ष शंकरलाल शर्मा, नोटरी पब्लिक ओमप्रकाश वशिष्ट, एडवोकेट मनोज शर्मा (लोक अभियोजक), पूर्व उपसभापति कालूराम शर्मा, इंजीनियर चिरंजीलाल जोल, वैद्य तीर्थराज शर्मा, राज तिवारी (चाणक्य क्लासेज), डॉ. संजय शर्मा, कविता तिवारी, सिद्धार्थ तिवारी, गौरव उपाध्याय सहित शहर के सैकड़ों सम्माननीय नागरिक और युवाजन शामिल रहे।


