


भटनेर पोस्ट ब्यूरो.
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने देश की सबसे प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। लिखित परीक्षा और पर्सनैलिटी टेस्ट के आधार पर तैयार की गई मेरिट सूची में इस बार अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल किया है। दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम और तीसरे स्थान पर एकांश ढुल रहे। आयोग ने कुल 958 उम्मीदवारों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और अन्य केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया है।

संघ लोक सेवा आयोग द्वारा जारी अंतिम परिणाम के अनुसार सिविल सेवा परीक्षा 2025 में कुल 958 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। यह चयन लिखित परीक्षा और इंटरव्यू यानी पर्सनैलिटी टेस्ट में प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। लिखित परीक्षा अगस्त 2025 में आयोजित की गई थी, जबकि चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण के रूप में इंटरव्यू दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच आयोजित किए गए।

इस वर्ष मेरिट सूची में अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल किया है। दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम और तीसरे स्थान पर एकांश ढुल रहे। चौथे स्थान पर राघव झुनझुनवाला और पांचवें स्थान पर ईशान भटनागर ने जगह बनाई है।
शीर्ष 20 उम्मीदवारों की सूची में जिनिया अरोड़ा, ए आर राजा मोहिद्दीन, पक्षल सेक्रेटरी, आस्था जैन, उज्ज्वल प्रियांक, यशस्वी राज वर्धन, अक्षित भारद्वाज, अनन्या शर्मा, सुरभि यादव, सिमरनदीप कौर, मोनिका श्रीवास्तव, चितवन जैन, श्रुति आर, निसार दिशांत अमृतलाल और रवि राज भी शामिल हैं।
आयोग के अनुसार चयनित उम्मीदवारों को भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय विदेश सेवा, भारतीय पुलिस सेवा के साथ-साथ विभिन्न केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति के लिए सिफारिश की गई है। अंतिम नियुक्ति सरकार द्वारा उपलब्ध रिक्तियों और सेवा आवंटन की प्रक्रिया के बाद की जाएगी।
श्रेणीवार चयन
आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार कुल 958 चयनित उम्मीदवारों में सामान्य वर्ग के 317, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के 104, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के 306, अनुसूचित जाति (SC) के 158 और अनुसूचित जनजाति (ST) के 73 उम्मीदवार शामिल हैं।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि 348 उम्मीदवारों का चयन फिलहाल प्रोविजनल यानी अस्थायी रखा गया है। इन उम्मीदवारों के दस्तावेजों और अन्य औपचारिकताओं के सत्यापन के बाद ही उनके चयन को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके अलावा दो उम्मीदवारों का परिणाम फिलहाल रोक दिया गया है, जिनका परिणाम कुछ कारणों से जारी नहीं किया गया है।
यूपीएससी ने बताया कि परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों के अंक परिणाम घोषित होने की तारीख से 15 दिनों के भीतर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
कितनी हैं रिक्तियां
संघ लोक सेवा आयोग की जानकारी के अनुसार इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 1087 पदों को भरा जाना है। इनमें भारतीय प्रशासनिक सेवा के लिए 180 पद, भारतीय विदेश सेवा के लिए 55 पद और भारतीय पुलिस सेवा के लिए 150 पद निर्धारित किए गए हैं।
इसके अलावा केंद्रीय सेवाएं ग्रुप ‘ए’ के तहत 507 पद और ग्रुप ‘बी’ सेवाओं के लिए 195 पद तय किए गए हैं। श्रेणीवार रिक्तियों में सामान्य वर्ग के लिए 446, ईडब्ल्यूएस के लिए 104, ओबीसी के लिए 306, एससी के लिए 158 और एसटी के लिए 73 पद शामिल हैं।
देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा
सिविल सेवा परीक्षा को देश की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में गिना जाता है। हर साल लाखों अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन अंतिम चयन केवल कुछ सौ उम्मीदवारों का ही हो पाता है। इस परीक्षा के माध्यम से चयनित अधिकारी देश की प्रशासनिक व्यवस्था, विदेश नीति, कानून-व्यवस्था और विभिन्न नीतिगत निर्णयों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस बार घोषित परिणाम के साथ ही देश भर के हजारों अभ्यर्थियों का वर्षों का इंतजार खत्म हो गया है। सफल उम्मीदवारों के लिए अब प्रशासनिक सेवा में योगदान देने का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है।




