



भटनेर पोस्ट खेल डेस्क.
हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज में खेल महोत्सव का आगाज हुआ। मैनेजमेंट कमेटी के डायरेक्टर तरुण विजय एवं चेयरमैन आशीष विजय ने संयुक्त रूप से खेल ध्वज लहराकर उद्घाटन किया। उन्होंने मैदान में उपस्थित सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। खेल महोत्सव के प्रथम दिन विभिन्न रोमांचक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ विशाल पारीक ने कहा कि खेल महोत्सव के तहत सातों दिन अलग-अलग तरह की प्रतियोगिताएं होंगी जिसमें कॉलेज के स्टूडेंट्स अलग अलग खेलो में भाग लेंगे। आज प्रथम दिन रिले रेस, सैक रेस, 100 मीटर दौड़, थ्री लेग रेस सहित अन्य खेल स्पर्धाएं शामिल रहीं। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी शारीरिक क्षमता, टीम भावना तथा अनुशासन का परिचय दिया। दर्शकों ने भी तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

डायरेक्टर तरुण विजय ने कहा कि बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। स्टूडेंट्स ने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की अनेक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर संस्थान का नाम रोशन किया है। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मानसिक विकास और आत्मविश्वास को भी मजबूत बनाते हैं। आज के तनावपूर्ण जीवन में खेल मानसिक तनाव को कम करने में सहायक होते हैं, इसलिए हर उम्र के व्यक्ति को नियमित रूप से खेलों से जुड़ना चाहिए। अगर टेंशन फ्री रहना है तो नियमित रूप से किसी न किसी खेल से जुड़ना उचित रहेगा।
चेयरमैन आशीष विजय ने कहा कि खेल महोत्सव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क और समय प्रबंधन जैसे गुणों का विकास होता है, जो जीवन में सफलता के लिए आवश्यक हैं।

महाविद्यालय प्रबंधन विद्यार्थियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सदैव प्रयासरत है, ताकि प्रतिभावान खिलाड़ी अपनी क्षमता को निखारकर उच्च स्तर पर पहचान बना सकें। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के शिक्षकगण, खेल प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में कॉलेज स्टाफ और खेल समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। खेल महोत्सव के आगामी दिनों में विभिन्न अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय वाइस चेयरमैन रौनक विजय, प्रशासक परमानंद सैनी, प्रिंसिपल डॉ विशाल पारीक, उपप्राचार्य डॉ मनोज शर्मा, बीएड प्राचार्य डॉ संतोष महला आदि का सहयोग रहा।




