



भटनेर पोस्ट डेस्क.
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर 8 मार्च को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का हनुमानगढ़ दौरा प्रस्तावित है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में पहुंचेंगे और इसके बाद जंक्शन की धान मंडी में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और भाजपा संगठन अपने-अपने स्तर पर तैयारियों में जुटे हुए हैं।
मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान धान मंडी परिसर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में प्रदेश भर से महिलाओं की भागीदारी रहने की संभावना है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न विभागों की ओर से लगाई जाने वाली प्रदर्शनी का निरीक्षण भी प्रस्तावित है। इस प्रदर्शनी में महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, स्वयं सहायता समूहों और सरकारी योजनाओं से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से महिलाओं को उपलब्ध अवसरों और योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव के निर्देशन में विभिन्न विभागों के अधिकारी कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। प्रशासन की प्राथमिकता सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, मंच व्यवस्था, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था और प्रदर्शनी के समुचित संचालन पर केंद्रित है।
दौरे की तैयारियों को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। इसके लिए पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव स्वयं व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इसके अलावा एडीएम उम्मेदीलाल मीणा, एसडीएम मांगीलाल सुथार, एएसपी अरविंद बिश्नोई और डीएसपी मीनाक्षी सहारण सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी दिनभर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेते रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश भी दिए। मंच निर्माण, हेलिपैड व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और भीड़ प्रबंधन को लेकर अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएंगी।
दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी भी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय नजर आ रही है। भाजपा जिला अध्यक्ष प्रमोद डेलू के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्यक्रम की तैयारियों में लगे हुए हैं। भाजपा की ओर से कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं ताकि कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
भाजपा पदाधिकारियों का कहना है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम हनुमानगढ़ जिले के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण और सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार को नई दिशा मिलेगी।
कुल मिलाकर मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर से लेकर राजनीतिक स्तर तक तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है और प्रशासन यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि मुख्यमंत्री का दौरा सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।








