



भटनेर पोस्ट डेस्क.
हरियाली तीज के मौके पर जब पुलिस लाइन परिसर लोकगीतों, झूलों और पारंपरिक रंगों से सराबोर हुआ, तो लगा जैसे राजस्थान की सांस्कृतिक आत्मा वहां सजीव हो उठी हो। रोटरी क्लब हनुमानगढ़ विजन द्वारा आयोजित इस तीज महोत्सव ने नारी शक्ति को एक मंच दिया, जहाँ उन्होंने न केवल लोक परंपराओं को जीवंत किया, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जागरूकता का संदेश भी दिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाएं जब झूले पर झूलती हुई लोकधुनों पर थिरकीं, तो पूरा वातावरण आनंद और उल्लास से भर गया। प्रमुख अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति और रोटरी परिवार की संगठित भागीदारी ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।
मुख्य अतिथि जिला पुलिस अधीक्षक की धर्मपत्नी अनामिका, विशिष्ट अतिथि एएसपी नीलम चौधरी, डीवाईएसपी मीनाक्षी सहारण व एसआई चन्द्रकला थीं। प्रोजेक्ट चेयरमैन नितिका गर्ग व कोषाध्यक्ष मिताली अग्रवाल ने कार्यक्रम की बागडोर संभाली। सभी अतिथियों का क्लब की ओर से माल्यार्पण कर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रोटरी क्लब विजन के अध्यक्ष आशीष गुप्ता ने की।

मुख्य अतिथि अनामिका ने आयोजन को अभूतपूर्व बताते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति बेजोड़ है। पूरी दुनिया में सर्वश्रेष्ठ है। वैसे भी भारत को उत्सवधर्मी देश कहा जाता है। इसी का प्रमाण है कि हमारे देश में हर महीने का अलग महत्व है। अलग-अलग त्यौहार हैं जिनके जरिए हम प्रसन्नता का अनुभव करते हैं। उन्होंने बदलते दौर में इस तरह के आयोजनों की आवश्यकता पर जोर दिया। एएसपी नीलम सहारण ने भी इसके लिए आयोजकों को बधाई दी।
कार्यक्रम की शुरुआत तीज के पारंपरिक गीतों और लोकधुनों के साथ हुई, जिसमें सजी-धजी महिलाओं ने झूले झूलते हुए और समूह नृत्य करते हुए सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में राजस्थानी संस्कृति की झलक साफ दिखाई दी, जिससे समूचा वातावरण उल्लास और आनंद से भर उठा। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने लोक गीत के साथ तीज पर्व की गरिमा को और भी बढ़ा दिया।
रोटरी क्लब के क्लब अध्यक्ष आशीष गुप्ता व सचिव कुणाल गोयल बताते हैं कि यह रोटरी विजन द्वारा आयोजित दूसरा हरियाली तीज महोत्सव है, जिसका उद्देश्य सामाजिक समरसता बढ़ाना, महिलाओं को मंच देना और परंपराओं को जीवित बनाए रखना है।

प्रोजेक्ट चेयरमैन नितिका गर्ग ने बताया कि इस आयोजन में राजस्थान पुलिस और गणपति एक्सक्लूसिव के अश्विनी गर्ग आशु का विशेष सहयोग रहा, जिसके लिए क्लब आभारी है। महोत्सव में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं, पारंपरिक रैंप वॉक, सजावट प्रतियोगिता और पुरस्कार वितरण का भी आयोजन किया गया। महिलाओं ने पूरे आयोजन को एक उत्सव के रूप में मनाया और अंत में स्वादिष्ट पारंपरिक व्यंजनों का भी लुत्फ उठाया।
क्लब कोषाध्यक्ष मित्ताली अग्रवाल ने कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर रोटरी क्लब सदस्य भरत गोदारा, विकास पारीक, पंकज पारीक, ललित भठेजा, विनीत गर्ग, आकाश अग्रवाल, रिकंल गर्ग, गगन बंसल, हर्षित सोनी, रौट्रैक्ट क्लब के अध्यक्ष यश अग्रवाल, रजत तंवर, निखिल असीजा, इच्छित जैन सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

