





भटनेर पोस्ट डॉट कॉम.
कांग्रेस ने महिला कांग्रेस में कुछ नियुक्तियां की हैं, इनमें हनुमानगढ़ जिला महिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पद पर सुलोचना बावरी को जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी ने बताया कि पार्टी ने निष्ठावान कार्यकर्ता को जिम्मेदारी है, इससे उम्मीद है कि सुलोचना बावरी महिलाओं को एकजुट करेंगी और संगठन की मजबूती में अपना योगदान देंगी।
कौन हैं सुलोचना ?
हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर सेक्टर 6 की रहने वाली सुलोचना बावरी वैचारिक रूप से कांग्रेसी हैं। उनका पूरा परिवार ही कांग्रेसी विचारधारा से ओतप्रोत है। सुलोचना लंबे अरसे से कांग्रेस की सक्रिय राजनीति में हैं। उन्होंने तत्कालीन टिब्बी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस टिकट के लिए भी दावेदारी जताई थी। वे बावरी समाज में भी पूरा दखल रखती हैं। लिहाजा, राजस्थान बावरी समाज विकास संस्था की भी अध्यक्ष हैं। सुलोचना बावरी के पति हंसराज पंवार राजकीय सेवा में हैं। इनकी दो संतान हैं, एक बेटा और एक बेटी। राजनीति में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं है। अंडरग्रेजुएट सुलोचना बावरी के महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनने से बावरी समाज में खुशी की लहर है।
महिलाओं को जोड़ना ही प्राथमिकता: सुलोचना
महिला कांग्रेस की हनुमानगढ़ जिलाध्यक्ष नियुक्त होने पर सुलोचना बावरी ने ‘भटनेर पोस्ट डॉट कॉम’ से कहा-‘पार्टी नेतृत्व ने मुझे बड़ी जिम्मेदारी है, इसके लिए मैं पार्टी नेताओं का आभार प्रकट करती हूं। उन्होंने जिस उम्मीद से यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने के लिए भरसक प्रयास करूंगी। अधिकाधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ना मेरी प्राथमिकता होगी। इसके लिए मैं जिले भर में जाकर महिलाओं को एकजुट करने का काम करूंगी।’ सुलोचना ने कहाकि कांग्रेस ही देश के सभी वर्गों को एकजुट रख सकती है। यह संदेश घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास करूंगी।





