



भटनेर पोस्ट ब्यूरो.
राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर की डिवीजन बेंच ने जिला क्रिकेट संघ हनुमानगढ़ से जुड़े एक अहम मामले में सिंगल बेंच के आदेश को निरस्त करते हुए पुरानी कार्यकारिणी को बहाल कर दिया है। इस फैसले के साथ ही दोबारा सचिव बने मनीष धारणिया का कार्यकाल समाप्त हो गया, जबकि 1 जून 2024 को निर्वाचित पदाधिकारियों को वैध मान्यता मिल गई है।
डिवीजन बेंच में चल रही सिविल स्पेशल अपील की सुनवाई के दौरान न्यायालय ने सिंगल बेंच के उस आदेश को खारिज कर दिया, जिसके चलते जिला क्रिकेट संघ में पुनः चुनाव कराए गए थे। मामले की सुनवाई जस्टिस विनीत कुमार माथुर एवं जस्टिस चंद्रशेखर शर्मा की खंडपीठ ने की। दोनों न्यायाधीशों ने तथ्यों और कानूनी पहलुओं पर विचार करते हुए स्पष्ट किया कि पूर्व में निर्वाचित कार्यकारिणी को हटाने का कोई ठोस आधार नहीं था।

न्यायालय के आदेश के अनुसार, जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष पवन कुमार अग्रवाल, सचिव अर्जुन बेनीवाल तथा कोषाध्यक्ष संदीप कुमार को उनके पदों पर बहाल कर दिया गया है और उन्हें अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहने का निर्देश दिया गया है। अदालत ने यह भी साफ किया कि कार्यकारिणी के कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं डाली जानी चाहिए।
इस मामले में सचिव अर्जुन बेनीवाल की ओर से राजेश जोशी एवं वेंकट पूनिया ने प्रभावी पैरवी की। वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने अदालत के समक्ष यह तर्क रखा कि सिंगल बेंच का आदेश न केवल प्रक्रियागत त्रुटियों से ग्रस्त था, बल्कि इससे खेल संस्थान की स्थिरता और कार्यप्रणाली भी प्रभावित हो रही थी। डिवीजन बेंच ने इन तर्कों से सहमति जताते हुए अपील स्वीकार कर ली।
फैसले के बाद जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष पवन अग्रवाल, सचिव अर्जुन बेनीवाल और कोषाध्यक्ष संदीप कुमार ने इसे ‘न्याय की जीत’ बताया। उन्होंने कहा कि अदालत के इस निर्णय से न केवल सच्चाई की पुष्टि हुई है, बल्कि खेल संगठनों में लोकतांत्रिक व्यवस्था और नियमों की गरिमा भी बनी रहेगी। पदाधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि उनकी टीम जिले में क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए पहले की तरह निरंतर प्रयास करती रहेगी।

संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि पिछले कुछ समय से चल रही कानूनी अनिश्चितता के कारण खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही थीं, लेकिन अब स्थिति स्पष्ट हो गई है। वे अब पूरी ऊर्जा के साथ प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और खिलाड़ियों के विकास पर ध्यान केंद्रित करेंगे।







