



भटनेर पोस्ट ब्यूरो.
सरकारी योजनाएं सुस्त होती हैं, यह धारणा अगर कहीं टूटती है तो उसका नाम है डाक जीवन बीमा। भारतीय डाक विभाग के 142वें स्थापना दिवस पर श्रीगंगानगर डाक मंडल ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जो निजी बीमा कंपनियों के लिए भी आंखें खोल देने वाला है। महज एक दिन में 2.05 करोड़ रुपए से अधिक का प्रथम प्रीमियम संग्रह कर मंडल ने न केवल अपना मासिक लक्ष्य पूरा किया, बल्कि डाक जीवन बीमा के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया।

भारतीय डाक विभाग के श्रीगंगानगर डाक मंडल ने डाक जीवन बीमा (पीएलआई) के क्षेत्र में सफलता का नया इतिहास रच दिया है। विभाग के 142वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को मंडल ने मात्र एक दिन में 2.05 करोड़ रुपए से अधिक का प्रथम प्रीमियम एकत्रित कर रिकॉर्ड कायम किया। यह अब तक का सबसे बड़ा एकल-दिवसीय संग्रह माना जा रहा है।
इस विशेष अभियान के तहत एक ही दिन में करीब 1200 से अधिक बीमा प्रस्ताव स्वीकार किए गए, जिनके माध्यम से 25 करोड़ रुपए से अधिक की बीमा राशि को कवर किया गया। उल्लेखनीय है कि 1 फरवरी 1884 को शुरू हुई डाक जीवन बीमा सेवा ने अपने 142 वर्षों के लंबे सफर में पहली बार इस स्तर का एकदिवसीय प्रदर्शन दर्ज किया है।

डाक अधीक्षक अजय कुमार चुघ ने बताया कि डाक जीवन बीमा 18 से 55 वर्ष की आयु के बीमितों को न केवल जोखिम से सुरक्षा प्रदान करता है, बल्कि निवेश पर बेहतर और भरोसेमंद रिटर्न भी सुनिश्चित करता है। उन्होंने कहा कि सरकारी गारंटी के साथ मिलने वाली यह बीमा सुविधा आज के अनिश्चित दौर में आमजन के लिए मजबूत वित्तीय सहारा बन रही है।

डाक विभाग वर्तमान में सुरक्षा, संतोष, सम्पूर्ण जीवन बीमा, सुमंगल, सुविधा, युगल सुरक्षा एवं बाल जीवन बीमा जैसी विविध योजनाओं के माध्यम से पूरे परिवार को बीमा सुरक्षा देने का अवसर प्रदान कर रहा है। खास बात यह है कि पहले केवल सरकारी कर्मचारियों तक सीमित रहने वाली यह योजना अब स्नातक युवाओं के लिए भी उपलब्ध है। इसी बदलाव के चलते आवेदकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली है।

अधीक्षक अजय चुघ के नेतृत्व तथा सहायक अधीक्षक सतनाम सिंह और सहायक अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिले में जनवरी माह के दौरान सघन जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत डाक विभाग के समस्त स्टाफ ने गांव-ढाणियों से लेकर शहरी इलाकों तक लोगों को डाक जीवन बीमा के लाभों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि ग्राउंड लेवल पर कार्यरत ग्रामीण डाक सेवक, पोस्टमैन, डाक सहायक, उपडाकपाल और उपमंडल प्रभारी स्तर तक के सभी कर्मचारियों की सामूहिक मेहनत का ही परिणाम है कि श्रीगंगानगर डाक मंडल पूरे माह के लिए निर्धारित लक्ष्य को एक ही दिन में हासिल करने में सफल रहा।
डाक जीवन बीमा की लोकप्रियता के पीछे इसके आकर्षक फीचर्स भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। वर्ष 2026-27 के लिए ₹48 से ₹72 प्रति हजार तक के बोनस की अग्रिम घोषणा ने इसे और आकर्षक बना दिया है। वहीं डिजिटल सुविधाओं के तहत अब प्रीमियम किसी भी डाकघर के साथ-साथ ऑनलाइन बैंकिंग के माध्यम से भी जमा किया जा सकता है।
ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए पात्रता शर्तों में दी गई विशेष रियायतें भी इस योजना को आमजन के और करीब ला रही हैं। निजी बीमा कंपनियों की तुलना में बेहतर रिटर्न, सरकारी भरोसा और सरल प्रक्रियाकृइन तीनों के मेल ने डाक जीवन बीमा को फिर से लोगों की पहली पसंद बना दिया है।
श्रीगंगानगर डाक मंडल की यह उपलब्धि न केवल विभागीय कर्मचारियों की मेहनत का प्रमाण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि सही नेतृत्व और जमीनी प्रयासों से सरकारी योजनाएं भी रिकॉर्ड बना सकती हैं।



