




भटनेर पोस्ट डेस्क.
हनुमानगढ़ स्थित रयान कॉलेज फॉर हायर एजुकेशन में पौधारोपण किया गया। अखिल भारतीय सेवा एवं पर्यावरण आयाम प्रमुख, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ डॉ. सुशील कुमार बिस्सू एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, एबीआरएसएम (उच्च शिक्षा), राजस्थान डॉ. अनूप कुमार आत्रेय विशेष रूप से उपस्थित रहे। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सन्तोष राजपुरोहित, सहायक आचार्य वीरेन्द्र वर्मा, केवलकृष्ण, एवं कुलविंद्र सिंह सहित अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए और पर्यावरण संतुलन व हरियाली को बनाए रखने हेतु सभी को संकल्प दिलाया गया।
डॉ. सुशील कुमार बिस्सू ने कहा कि शैक्षिक संस्थानों को चाहिए कि वे केवल ज्ञान का प्रसार ही न करें, बल्कि प्रकृति संरक्षण जैसे सामाजिक दायित्वों को भी अपनी प्राथमिकता बनाएं। वहीं, डॉ. अनूप कुमार आत्रेय ने जलवायु परिवर्तन की गंभीरता समझाते हुए अधिकाधिक पौधारोपण का आह्वान किया।
प्राचार्य डॉ. सन्तोष राजपुरोहित ने महाविद्यालय की ओर से आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में पर्यावरणीय चेतना विकसित करने हेतु अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की निरंतरता बनाए रखने का संकल्प दोहराया।




