



भटनेर पोस्ट डेस्क
हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर ‘फिजिक्स वाला’ कोचिंग संस्थान के नए भवन का शुभारंभ धार्मिक वातावरण और श्रद्धा के साथ किया गया। जंक्शन के सेक्टर-12 स्थित खालसा स्कूल वाली बिल्डिंग में अब संस्था का नया परिसर संचालित होगा, जहां से विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। नए भवन के उद्घाटन अवसर पर अखण्ड पाठ का आयोजन किया गया, जिसके भोग के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं एवं स्टाफ सदस्यों ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की अरदास की। कार्यक्रम में शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना रहा।
संस्था प्रबंधन ने बताया कि बढ़ती विद्यार्थियों की संख्या और बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से यह स्थानांतरण किया गया है। नए भवन में विशाल कक्षाएं, बेहतर बैठने की व्यवस्था, आधुनिक शिक्षण संसाधन तथा पढ़ाई के अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है। इससे विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी में और अधिक सहायता मिलेगी।
प्रबंधन के अनुसार, वर्तमान में संचालित सभी नए बैच अब इसी भवन में संचालित किए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को एक ही स्थान पर व्यवस्थित और बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा। साथ ही अनुभवी शिक्षकों की टीम द्वारा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाएगी। समापन पर संस्था के सदस्यों ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया और विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।





