





भटनेर पोस्ट डेस्क.
हनुमानगढ़ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर अपनी सहजता, सरलता और सुलभ व्यवहार के चलते तेजी से जनप्रिय नेता के रूप में पहचान बना रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण मंगलवार को हनुमानगढ़ जिला न्यायालय परिसर में देखने को मिला, जहां कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ की ओर से उनके अभिनंदन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान डीसीसी चीफ मनीष मक्कासर ने औपचारिक मंच तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि न्यायालय परिसर के सभी चैम्बर्स में जाकर अधिवक्ताओं से व्यक्तिगत मुलाकात की। हाल-चाल पूछते हुए, ‘रामा-श्यामा’ कर उन्होंने अपनापन दिखाया। राजनीति में जहां अक्सर दूरी दिखती है, वहीं कांग्रेस नेता का यह व्यवहार वकीलों के दिल को छू गया। अधिवक्ताओं ने खुले शब्दों में कहा कि उनका सरल और आत्मीय स्वभाव सबको भा गया।

अभिनंदन कार्यक्रम में विधि प्रकोष्ठ से जुड़े अधिवक्ताओं एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनीष मक्कासर का माला पहनाकर और साफा बंधवाकर सम्मान किया। इस अवसर पर संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया गया।

कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विजय गोंद ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व द्वारा मनीष मक्कासर जैसे ऊर्जावान, कर्मठ और जमीन से जुड़े कार्यकर्ता को जिलाध्यक्ष नियुक्त करना एक दूरदर्शी और सराहनीय निर्णय है। उन्होंने कहा कि मक्कासर लंबे समय से संगठन के लिए निष्ठा और समर्पण के साथ काम कर रहे हैं और हमेशा कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में साथ खड़े रहे हैं। विजय गोंद ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस जिले में नए कीर्तिमान स्थापित करेगी और संगठन और अधिक सशक्त होगा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने विधि प्रकोष्ठ और सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और मेहनत के साथ निभाएंगे। कांग्रेस पार्टी आमजन की आवाज है और संगठन की मजबूती ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। आने वाले समय में बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त किया जाएगा और हर वर्ग की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाया जाएगा।

मक्कासर ने कहा कि कांग्रेस के हर संघर्ष में विधि प्रकोष्ठ का योगदान हमेशा महत्वपूर्ण रहा है और आगे भी रहेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती और कांग्रेस पार्टी की सफलता के लिए सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर अशोक छोड़ा, दुलीचंद चावरिया, विजय सिंह चौहान, रोहित खिच्ची, मनीष कुमार, उग्रसेन नैन, हेमराज वधवा, गुरदेव सिंह, सुरेश यादव, विनोद कुमार, अजय सिंह, धवल कुमार, सुरेश दादरवाल, दीपक चलाना, राकेश मेहरड़ा, आमिर खान, शाहरुख रोडावाली, मोटाराम नायक, अनूप चौधरी, जगदीप रांगेरा, कृष्ण स्वामी, सिमर सिधू, भूपेंद्र सिधू, विजय टाक, शकूर खान, गुरलाल मान, अनमोल सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।





