





भटनेर पोस्ट डेस्क.
बीजेपी के जनसंपर्क अभियान के तहत जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, उपाध्यक्ष ओम सोनी एवं विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष डॉ. निशांत बत्तरा ने शहर के सामाजिक कार्यकर्ता राजेश दादरी से मुलाकात की। यह मुलाकात सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय लोगों को पुनः भाजपा से जोड़ने और भाजपा परिवार को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है। इस दौरान सामाजिक सरोकारों, शहर के विकास, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा सकारात्मक राजनीति को आगे बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने कहा कि पार्टी समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है और ऐसे समाजसेवियों के साथ संवाद से संगठन को नई ऊर्जा मिलती है। उपाध्यक्ष ओम सोनी ने कहा कि समाजसेवियों का अनुभव और जनसरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता भाजपा की नीतियों को धरातल पर उतारने में सहायक सिद्ध होगी।

बताया गया कि सामाजिक कार्यकर्ता राजेश दादरी का शहर में व्यापक जनाधार है और उनके मार्गदर्शन में कई जनहित अभियान लगातार संचालित हो रहे हैं। ऐसे में उनकी सक्रियता से भाजपा को शहर में मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही, इससे शहर में सकारात्मक राजनीति और सामाजिक समरसता के नए दौर की शुरुआत होने की संभावना भी व्यक्त की जा रही है।

इस अवसर पर राजेश दादरी एवं उनकी टीम की ओर से भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, उपाध्यक्ष ओम सोनी और विहिप जिलाध्यक्ष डॉ. निशांत बत्तरा का राजस्थानी पगड़ी पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया। अभिनंदन करने वालों में महक गर्ग, सुरेश सिंह शेखावत, बृजलाल वर्मा, मनोज सिंगला, योगेश गुप्ता, साहिल जिंदल, दीपक छाबड़ा एवं डॉ. स्नेहिक कुक्कड़ शामिल रहे।






