



भटनेर पोस्ट डेस्क.
बेबी हैप्पी कॉलेज के विद्यार्थियों ने एक बार फिर से खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। विजेता खिलाड़ियों के कॉलेज लौटने पर उनके सम्मान में महाविद्यालय परिसर में भव्य अभिनंदन किया गया। शिक्षा समिति के निदेशक तरुण विजय, चेयरमैन आशीष विजय, प्रशासक परमानंद सैनी, प्राचार्य डॉ. विशाल पारीक, उप प्राचार्य मनोज शर्मा तथा बीएड कॉलेज प्राचार्य डॉ. संतोष महला सहित संकाय सदस्य मौजूद रहे। विजेता खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।

महाविद्यालय की छात्रा खुशबू शर्मा ने महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित वुशु प्रतियोगिता में तालु प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर अपने प्रदर्शन से सभी का दिल जीता। वहीं 48 किलोभार वर्ग की वुशु स्पर्धा में हर्षिता ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसी के तहत महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित बॉक्सिंग चैंपियनशिप में मयंक लाहुआ ने 55 किलोभार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अर्जित किया। इन तीनों खिलाड़ियों की सफलता ने कॉलेज परिवार को गर्व से भर दिया।

शिक्षा समिति के निदेशक तरुण विजय ने इस अवसर पर कहा कि बेबी हैप्पी कॉलेज सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित रहा है। यहां शिक्षा के साथ-साथ खेलों, सांस्कृतिक गतिविधियों और व्यक्तित्व निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को पहचानकर निरंतर मेहनत करते रहना चाहिए, क्योंकि खेलों में मिली उपलब्धि केवल व्यक्तिगत नहीं होती, बल्कि संस्थान और समाज की प्रतिष्ठा को भी बढ़ाती है। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

चेयरमैन आशीष विजय ने कहा कि कॉलेज के खिलाड़ी हर प्रतियोगिता में अपनी मेहनत और अनुशासन से अलग पहचान बना रहे हैं। खेलों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित होती है, जो उन्हें जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाती है। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रबंधन हमेशा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देने के लिए तत्पर रहेगा।

प्रशासक परमानंद सैनी ने कहा कि कॉलेज के लिए यह गौरव की बात है कि इसके विद्यार्थी निरंतर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में सफलता प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन खेल प्रतिभाओं को हर संभव सहयोग प्रदान करता रहेगा ताकि भविष्य में और भी अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करें।
प्राचार्य डॉ. विशाल पारीक ने कहा कि इन उपलब्धियों से अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों के कोच और मार्गदर्शकों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और मनोबल प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में उपप्राचार्य मनोज शर्मा और बीएड कॉलेज प्राचार्य डॉ. संतोष महला ने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करने और आगामी प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।



