





एमएल शर्मा.
रामायण पाठ किसी व्यक्ति के जीवन में क्या परिवर्तन ला सकता है इसका जीता जागता उदाहरण है ‘श्री सुंदरकांड मित्र मंडल रावतसर’। आज से 27 वर्ष पूर्व रामचरितमानस के पाठ में उठा एक विचार संकल्पित होकर गौ सेवा व समाज सेवा का प्रेरणादाई अभियान बना, जो आज क्षेत्र में जन सेवा की अनूठी नजीर है। दरअसल, कस्बे के युवाओं ने रामायण पाठ के दौरान गौ सेवा का संकल्प लिया। उसे मुर्त रूप देने के लिए श्री सुंदरकांड मित्र मंडल की विधिवत नींव रखी गई। श्रद्धालुओं के घरों में प्रत्येक मंगलवार निशुल्क सुंदरकांड पाठ करना आरंभ किया। बालाजी के दरबार में जो भी चढ़ावा राशि आती उसे परमार्थ के कामों में लगाए जाने लगा। जन सेवा की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

मंडल संरक्षक ‘भटनेर पोस्ट’ को बताते है कि चढ़ावा राशि से वंचित वर्ग की बेटियों की शादी, जरूरतमंद की सहायता और सेवा के कामों को बल मिला। मंडल की गतिविधियां केवल धार्मिक ही नहीं सामाजिक सरोकारों से भी परिपूर्ण है। मंडल के परिश्रम से ही श्री सुंदरकांड गौशाला की स्थापना हुई। गौ सेवा के लिए 1 रुपया रोज गौ ग्रास योजना इन्ही की पहल है जिससे आज सैकड़ो गौवंश लाभान्वित हो रहे हैं।

सेवा के 27 वर्ष पूरे होने पर वार्षिकोत्सव मनाया जा रहा है। शनिवार को विशाल ध्वज शोभायात्रा निकली जिसमें श्रद्धा व भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। यात्रा के दौरान नगरवासियों ने जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए पर पुष्पवर्षा की। भक्तिमय भजन और जयकारों से पूरा वातावरण ‘हनुमानमय’ हो गया।

इस कड़ी में रविवार को श्याम मंदिर में 151 सामूहिक संगीतमय सुंदरकांड महापाठ होगा। प्रख्यात पंडित श्री बजरंग शास्त्री सुंदरकांड की महिमा और बालाजी के दिव्य मंत्रों पर विशेष प्रवचन देंगे एवं संकट मोचन यज्ञ होगा। संचालन का जिम्मा अधिवक्ता रामनिवास शर्मा को दिया गया है।

महोत्सव की तैयारियों में मंडल के सदस्य नौरंग सोमानी, पवन अग्रवाल, अजय खदरिया, एडवोकेट निर्मल माहेश्वरी, संजय वर्मा, श्याम पारिक, ललित शर्मा, हंसराज, संदीप सैनी, संदीप शर्मा, लालजी सेन, कमल शर्मा, डॉ. सन्नी अरोड़ा, संजय खदरिया, संजय शर्मा, नथमल लखोटिया, अजय जांगिड़, रोहिताश सहित अनेक गणमान्य जुटे हुए हैं।




