






भटनेर पोस्ट ब्यूरो.
इंटरनेशनल फिजिशियन फॉर प्रिवेंशन ऑफ न्यूक्लियर वार (आईपीपीएनडब्ल्यू) की 24वीं वर्ल्ड कांग्रेस 2 से 4 अक्टूबर तक नागासाकी में आयोजित होगी। इसमें भाग लेने के लिए भारत का 26 सदस्यीय दल नई दिल्ली से जापान के लिए रवाना हुआ। राजस्थान से आईएमए प्रदेशाध्यक्ष डॉ. एमपी शर्मा भी इस दल में शामिल हैं। भारतीय दल का नेतृत्व आईडीपीडी के अध्यक्ष डॉ. अरुण मित्रा कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल में कश्मीर, पंजाब, तेलांगाना से 5-5, पांडिचेरी, राजस्थान, महाराष्ट, बिहार, चेन्नई से एक-एक सदस्य शामिल हैं।

आईएमए के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. एमपी शर्मा ने बताया कि परमाणु हथियार मुक्त दुनिया की जरूरत है। युद्ध से शांति नहीं होती, विनाश होता है। यह पैसा शिक्षा व स्वास्थ्य पर खर्च होना चाहिए। इस सम्मेलन के जरिए दुनिया को शांति का संदेश देना है। युद्ध में हमेशा निर्दोष लोग मारे जाते हैं। हिरोशिमा व नागासाकी में भी वही हुआ था। एटम बम के इस्तेमाल के 80 साल बाद भी वहां की त्रासदी सामने है।

डॉ. एमपी शर्मा ने बताया कि आईपीपीएनडब्ल्यू को 1985 में नोबेल शांति पुरस्कार मिल चुका है। संस्था शांति, स्वास्थ्य और विज्ञान के क्षेत्र में कार्यरत है तथा हथियारों के व्यापार पर रोक लगाने और संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान खोजने पर बल देती है। यह संगठन वर्तमान में 70 देशों में सक्रिय है। भारत में इसकी शाखा इंडियन डॉक्टर्स फॉर पीस एंड डेवलपमेंट (आईडीपीडी) के नाम से कार्य कर रही है।






