





भटनेर पोस्ट ब्यूरो.
हनुमानगढ़ टाउन स्थित भटनेर पैलेस में चल रहे कांग्रेस सेवादल के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का 20 सितंबर को दूसरा दिन था। सुबह का आरंभ श्रमदान और योगाभ्यास से हुआ, जिसने कार्यकर्ताओं को न केवल शारीरिक स्फूर्ति प्रदान की बल्कि मानसिक शांति और सामाजिक सेवा के महत्व को भी रेखांकित किया। उसके बाद ध्वज वंदन का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में सेवादल के कार्यकर्ता, पदाधिकारी और अतिथि शामिल हुए।

मुख्य अतिथि पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल ने सेवादल के उद्देश्य और उसकी ऐतिहासिक भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सेवादल केवल राजनीतिक संगठन नहीं है, बल्कि यह सेवा, अनुशासन और बलिदान की जीवंत परंपरा है। अहिंसा परमों धर्मः के सिद्धांत पर चलते हुए हमें जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और समाधान की दिशा में काम करना चाहिए। यदि कोई कार्यकर्ता सिर्फ राशन कार्ड जैसी बुनियादी समस्या का समाधान भी कर देता है तो जनता के दिल में उसके लिए सम्मान और विश्वास अपने आप पैदा हो जाता है। यही विश्वास संगठन की असली ताकत है।

शिविर की अध्यक्षता कर रहे कांग्रेस नेता अश्विनी पारीक ने बताया कि दूसरे दिन की शुरुआत श्रमदान और योग से हुई। उन्होंने कहा कि श्रमदान केवल परिश्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। जब हम मिलकर सफाई या अन्य सेवा कार्य करते हैं तो यह जनता को संदेश देता है कि कांग्रेस कार्यकर्ता जमीन से जुड़े हुए हैं। योग हमें अनुशासन, धैर्य और मानसिक शांति प्रदान करता है, जो राजनीतिक कार्यकर्ता के लिए अनिवार्य गुण हैं। पारीक ने सेवादल कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपनी दिनचर्या में योग और श्रमदान को नियमित रूप से शामिल करें, क्योंकि यही उन्हें भविष्य के संघर्षों और चुनौतियों का सामना करने की शक्ति देगा।

ब्लॉक अध्यक्ष जिनेंद्र जैन ने कहा कि सेवादल की मजबूती कांग्रेस की मजबूती है। आज जब समाज और राजनीति विभाजन की ओर धकेली जा रही है, तब हमें एकजुट होकर ‘अहिंसा परमों धर्मः’ का संदेश जन-जन तक पहुँचाना होगा। कांग्रेस सेवादल की जड़ों में एकता, भाईचारा और सेवा की भावना है। हनुमानगढ़ जैसे जिलों में कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही कांग्रेस को भविष्य में और मजबूत बनाएगी। पार्टी कार्यकर्ता यदि जनहित और लोकहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देंगे तो संगठन की नींव और भी गहरी और मजबूत होगी।

जिला प्रभारी भीमराज जाखड़ ने वर्तमान राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया से लेकर कृषि संकट, नोटबंदी, बेरोजगारी, अग्निवीर योजना और प्रदूषण तक कई ऐसे मुद्दे हैं जिन पर जनता परेशान है। सेवादल का दायित्व है कि वह जनता की इन पीड़ाओं को समझे और उनके समाधान के लिए पार्टी के साथ मिलकर आवाज बुलंद करे। अहिंसा का मार्ग हमें संघर्षों को सही दिशा में ले जाने की शक्ति देता है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस का सेवादल हमेशा से देश के लोकतंत्र का प्रहरी रहा है और आज की परिस्थितियों में इसकी भूमिका और भी अधिक अहम हो गई है।

शिविर में कांग्रेस सेवादल के संभाग प्रभारी विमल भाटी, जिला प्रभारी भीमराज जाखड़, विकास बुडानिया, सुरेंद्र सिंह बीका, विजेंद्र मेव सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम में सेवादल उपाध्यक्ष अनिल तिवाड़ी, महासचिव महेंद्र चतुर्वेदी, धर्मेंद्र बजाज, बंसी खन्ना, राजेंद्र गोदारा, यंग ब्रिगेड जिलाध्यक्ष लोकेंद्र सिंह भाटी, भादरा ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र गोदारा, नोहर ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र चबरबाल, संगरिया ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश भाट और अन्य कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।

इसके अलावा हेत राम भाटी, बलवंत राम, रजीराम महला, अनिल बिजारणियां, राजेंद्र कड़वासरा, चेत राम कूकना, इंद्रपाल सिंह, हरदत्त सिंह रिणवा, साहब राम सेन, राजेश बिजारणियां, जगदीश राय, विनोद गौड़, भंवर सिंह, सोहन सिंह, जगदीश प्रसाद, राजेश प्रकाश, कृष्ण स्वामी, विनोद, शाहरुख रोडावली, राकेश चांवरिया, अनूप चौधरी और मोहन आदि की सक्रिय मौजूदगी रही। सेवादल के अनिल तिवाड़ी ने कहाकि कांग्रेस सेवादल शिविर के दूसरे दिन का संदेश साफ रहा, अहिंसा ही हमारी असली ताकत है, योग और श्रमदान हमें अनुशासित और जनता के प्रति संवेदनशील बनाते हैं, और एकजुटता ही कांग्रेस की असली पहचान है।



