



भटनेर पोस्ट ब्यूरो.
सावन के महीने की मलय पवन जब हरियाली की चादर ओढ़े नगर की गलियों में मंद-मंद बहती है, तब तीज का पर्व महिलाओं के मन में उत्सव के झूले झुला जाता है। यह पर्व केवल ऋतु परिवर्तन का नहीं, अपितु नारी हर्ष, सौंदर्य, समर्पण और संस्कृति की मधुर अभिव्यक्ति है। इसी सांस्कृतिक समरसता और उत्सवधर्मिता का साक्षी बना हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित महाराजा अग्रसेन भवन, जहां अग्रवाल महिला उप समिति ने समाज समिति एवं युवा उपसमिति के सहयोग से तीज महोत्सव का एक अनुपम अध्याय रच डाला। जब 500 से अधिक महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों, मेंहदी रचे हाथों और लोकगीतों की सुमधुर गूंज के साथ झूले पर अपनी संस्कृति को सजाया, तो प्रतीत हुआ मानो नगर की आत्मा स्वयं तीज की लय पर झूम उठी हो।
महिलाओं के प्रमुख पर्वों में शामिल हरियाली तीज के इस आयोजन में सजी-धजी महिलाओं ने पारंपरिक परिधान पहनकर, हाथों में मेंहदी रचाकर तथा गीत-संगीत और झूला झूलकर पर्व का भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक लोक गीतों की प्रस्तुतियां दीं और समूह में नृत्य करते हुए समां बांध दिया। झूलों से सजे भवन परिसर में हरियाली और उल्लास का वातावरण देखने लायक था।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व सभापति संतोष बंसल थीं। उनके साथ समाज की सम्मानित महिलाएं भावना मित्तल, सीमा सिंगल, अनुपमा विजय, शशि मित्तल एवं पूर्व पार्षद अंजना जैन ने विशेष अतिथि के रूप में भाग लिया। सभी अतिथियों का पारंपरिक विधि से स्वागत किया गया। अतिथियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए महिलाओं की भागीदारी को प्रेरणादायक बताया।
अग्रवाल महिला उप समिति की अध्यक्ष मिताली अग्रवाल ने कहा-‘तीज महोत्सव हमारी संस्कृति की आत्मा है। इस प्रकार के आयोजन हमें हमारी जड़ों से जोड़ते हैं और नई पीढ़ी को भी परंपराओं से परिचित कराते हैं। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और नारी चेतना को सशक्त करना भी है।’
खास बात है कि महोत्सव में सजावट, रंगोली, पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता, गीत-नृत्य आदि के साथ-साथ महिलाओं के लिए विशेष खेल और मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। विजेताओं को उपहार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समिति की ओर से आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष मिताली अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष रींनू बंसल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राज मित्तल, सचिव अंजली गोयल, सहसचिव प्रीति गुप्ता, प्रचार मंत्री ललिता बंसल, विधि मंत्री प्रियंका गोयल, संगठन मंत्री डॉ शिवानी गर्ग, रेनू गर्ग मौजूद थे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया।
